=गरियाबंद (वीएनएस)। जिले के मैनपुर विकासखण्ड अंतर्गत ओडिशा को जोड़ने वाली सड़क कुम्हीमाल से कदेलझरिया मार्ग में मिट्टी सड़क मार्ग का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है। वहीं पीएमजीएसवाय के तहत सड़क निर्माण हेतु सर्वे किया जा चुका है। घने जंगलों के बीच से गुजरी इस सड़क के संबंध में विगत दिवस समाचार पत्र में छपी खबर को जिला प्रशासन द्वारा संज्ञान में लेते हुए जनपद पंचायत मैनपुर के सीईओ को वस्तुस्थिति की जाँच हेतु निर्देशित किया गया। जनपद सीईओ द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में अवगत कराया गया है कि ग्राम कुम्हीमाल से कदेलझरिया मार्ग, जिसकी कुल लम्बाई लगभग 10 किलोमीटर है, जो ओडिसा राज्य के झरिगांव विकासखण्ड रायघर जिला नवरंगपुर को जोड़ता है। ग्राम कुम्हीमाल से 2 किलोमीटर तक राजस्व भूमि है, शेष 8 किलोमीटर तक वन विभाग की भूमि है तथा उक्त मार्ग पहाड़ी क्षेत्र से गुजरता है। सड़क निर्माण हेतु पूर्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सर्वे किया जा चुका है। इस मार्ग में आवागमन की दृष्टि से 5 स्थल पर पुलिया निर्माण की आवश्यकता है। पहाड़ी क्षेत्र के रहवासियों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने राजस्व भूमि में आने वाले भूमि पर मिट्टी सड़क निर्माण का प्राक्कलन तैयार स्वीकृति हेतु शासन को प्रेषित किया गया है। स्वीकृति उपरांत सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा।