गरियाबंद (वीएनएस)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनान्तर्गत पंजीकृत भू-धारक कृषकों को प्रति वर्ष 6 हजार रुपये तीन किस्तों में सहायता राशि प्रदान की जाती है। भारत सरकार द्वारा पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने के लिए ई-केवायसी अनिवार्य किया गया है। किसान भाई योजना का लाभ लेने के लिए 31 जुलाई तक अनिवार्यतः ई-केवायसी करवा ले, ताकि सहायता राशि मिलने में किसी प्रकार की समस्या न आये। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा अभियान चलाकर सभी हितग्राहियों का ई-केवायसी 15 दिवस में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। वर्तमान में जिले के लगभग 70 प्रतिशत पंजीकृत किसान ई-केवाईसी करा चुके है। कृषि विभाग द्वारा लोक सेवा केन्द्र के सहयोग से प्रत्येक ग्राम स्तर पर शिविर लगाकर शेष सभी किसानों का ई-केवाईसी कराया जा रहा है। शिविर आयोजन के पहले सभी ग्रामों मे मुनादी कराई जायेगी एवं व्ही.एल.ई एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी किसानो से संपर्क करेंगे। किसान भाई क्षेत्रिय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या निकटस्थ लोक सेवा केन्द्र से संपर्क कर ग्राम के शिविर आयोजन तिथि की जानकारी प्राप्त कर सकते है।