सीईओ ने गम्हरिया व बालाछापर गौठान का किया निरीक्षण

Posted On:- 2022-07-11



  जशपुरनगर (वीएनएस)। कलेक्टर अग्रवाल के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र यादव ने जशपुर जनपद के गम्हरिया, बालाछापर गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने गौठानों में नियमित रूप से गोबर खरीदी करने व खाद निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य कायर्पालन अधिकारी प्रेम सिंह मरकाम, समूह की महिलाएं, अन्य अधिकारी-कर्मचारी व ग्रामीणजन उपस्थित थे। सीईओ यादव ने गम्हरिया गौठान में महिला समूह की ओर से की जा रही दोना पत्तल निर्माण, एलईडी निर्माण, जैविक खाद उत्पादन सहित अन्य गतिविधियों का अवलोकन करते हुए महिला समूह की आय बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गौठान में गोबर क्रय व खाद निर्माण स्थिति की जानकारी लेते हुए गोबर खरीदी में वृद्धि करने के साथ ही खाद निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौठान में नियमित रूप से पशुपालकों व किसानों की ओर से गोबर विक्रय किया जाना चाहिए। इसकेलिए व्यापक प्रचार प्रसार के साथ ही ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही चरवाहा की ओर से गौठान में ग्रामीणों के मवेशियों को नियमित रूप से चराई के लिए लाया जाएं। जिससे मवेशी यहां वहां न भटके। उन्होंने गौठान में फलदार व छायादार पौधरोपण करने के लिए कहा। इसके लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने सरस्वती स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर एलईडी बल्ब निर्माण विस्तार से जानकारी लेते हुए बीपीएम, एनआरएलएम को निर्देशित किया कि एलईडी बल्ब का अधिक से अधिक से प्रचार प्रसार किया जाएं। जिससे समूह की महिलाओं को अधिक लाभ हो सके। उन्होंने निरीक्षण दौरान दोना पत्तल निर्माण करने वाली महिला समूह से भी निर्माण व विक्रय के संबंध में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि जिले में दोना पत्तल हेतु अधिक मांग है। सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि महिलाओं को और अधिक आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराएं, जिससे वे अधिक मात्रा में दोना पत्तल का निर्माण कर सके और उन्हें अधिक लाभ प्राप्त हो सके। इसी प्रकार उन्होंने बालाछापर गौठान का भी निरीक्षण कर वहां समूह की महिलाओं की ओर से किए जा रहे गतिविधियों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने खुशी स्व-सहायता समूह की ओर से किए जा रहे तेल पेराई के कार्यों का अवलोकन कर तेल विक्रय की जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने बताया कि अब तक उनके द्वारा 47 हजार से अधिक का तेल विक्रय किया गया है। गौठान में वर्मी कम्पोस्ट खाद निर्माण की भी जानकारी लेते हुए जैविक खाद निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीईओ श्री यादव ने समूह की महिलाओं को अच्छे से कार्य करने केलिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि समूह को इसका और अधिक लाभ प्रदान करने हेतु प्रचार-प्रसार किया जाएं।