शिवनाथ नदी अमोरा घाट में बाढ़ आपदा से बचाव के लिए मॉकड्रिल

Posted On:- 2022-07-11



  बेमेतरा (वीएनएस)। चालू मानसून सीजन के दौरान बाढ़ आपदा प्रबंधन की टीम की ओर से सोमवार को कलेक्टर शुक्ला की उपस्थिति में अमोराघाट पहुंचकर शिवनाथ नदी में माकड्रिल किया गया। मॉकड्रिल में नगर सेना के गोताखोरों को अतिवृष्टि बाढ़ के दौरान जान-माल के सुरक्षा के लिए दक्ष किया गया। बाढ़ आपदा के दौरान होने वाली किसी भी परिस्थिति का सामना करने दल तैयार है। मॉकड्रिल के दौरान नगर सेना के जवानों की ओर से प्रत्यक्ष रुप से नदी में उतरकर डूबते हुए व्यक्ति को किस तरह बचाया जा सकता है और उसे नदी से निकालकर उसे किस प्रकार चिकित्सा सेवा प्रदान की जाती है को बताया गया। बाढ़ से बचाव के संबंध में सभी निर्देशों का पालन किया जा रहा है तथा बाढ़ की स्थिति में राहत कार्य त्वरित आरंभ करने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। टीम अत्याधुनिक बाढ़ बचाव उपकरण, कटिंग टूल्स व संचार उपकरण, मेडिकल फर्स्ट रेस्पांडर किट, डीप डाइविंग सेट इनफ्लैटेबल लाइटिंग टावर आदि से लैस रहेंगे। जिला प्रशासन की ओर से नगर सेना के जवानों को आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए गए है। टीम में कुशल गोताखोर, तैराक और मेडिकल स्टाफ मौजूद रहेंगें, जो कि बाढ़ आपदा के दौरान राहत व बचाव कार्य में लोगों को हर संभव मदद पहुंचाने में सक्षम होंगें। जिले में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए कलेक्टोरेट मे कण्ट्रोल रुम भी स्थापित किया गया है, जिसमें बारी-बारी से अधिकारियों/कमर्चारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कलेक्टर शुक्ला के नेतृत्व मे शिवनाथ नदी मे माकड्रिल किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर डॉ अनिल बाजपेयी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बेमेतरा युगल किशोर उवर्शा, बेरला संदीप ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर विश्वास राव म्हस्के, सिविल सर्जन डॉ वन्दाना भेले, कमाण्डेंट नगर सेना वी.के. लकड़ा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी बेमेतरा होरी सिंह ठाकुर, तहसीलदार व नायब तहसीलदार सहित नगर सेना के जवान उपस्थित थे।