डेंगू के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया सघन जांच और जागरूकता अभियान

Posted On:- 2022-07-11



रायपुर (वीएनएस)। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया एवं डेंगू की रोकथाम के लिए रविवार से डेंगू पर वार कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस दौरान मच्छर जनित बीमारियों की सघन जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है । जागरूकता अभियान के अंतर्गत सभी घरों में रखे गमले की ट्रे, कूलर, फ्रिज, पानी की टंकी आदि को खाली कर सुखाने के पश्चात उपयोग करने की अपील की जा रही है ताकि मच्छर के अंडे और लार्वा को नष्ट किया जा सके। इसके अलावा पुराने टायर, मटके, कबाड़ आदि में बरसात का पानी एकत्र न होने दें और घर के बाहर छोटे गड्ढों में मिट्टी का भराव करने की जानकारी भी प्रसारित की जा रही है जिससे मच्छरों के प्रजनन को न्यून किया जा सके। जिले में होने वाली मौसमी बीमारियों जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया आदि के रोगियों में अमूमन मानसून में वृद्धि देखी जाती है।

इस सम्बन्ध में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विमल किशोर राय ने बताया: “रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में विभिन्न नियंत्रण एवं रोकथाम गतिविधियों के साथ-साथ मच्छरों के प्रजनन स्थल को समाप्त करने के लिए आमजन में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है । डेंगू को लेकर सजगता बहुत जरूरी है। साफ पानी में ही डेंगू का मच्छर पनपता है। हमें डेंगू को पनपने नहीं देना है। इसके लिए अपने घर और घर के आस पास पानी इकट्ठा न होने दें। हर सप्ताह रविवार डेंगू पर वार के लिए समय निकालें और डेंगू पर वार करें। इस प्रकार के अभियान के लिये जनता का योगदान बहुत जरूरी है।‘’

आगे उन्होंने कहा: “आज संतराम वार्ड क्रमांक 25 के रामनगर भरत नगर और छोटा रामनगर क्षेत्र के घरों का भ्रमण टीम द्वारा किया गया । टीम द्वारा ऐसे कूलर खाली करवाए गए जिनमें पानी भरा हुआ था और वह इस्तेमाल नहीं किए जा रहे थे । पानी की टंकियों में लार्वा की जांच की गई । गमलों को खाली करवाया गया जिनमें अतिरिक्त पानी भरा हुआ था । टीम ने भ्रमण के दौरान बुखार वाले मरीजों को भी चिन्हित कर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संदर्भित किया और नियमित उपचार भी सुनिश्चित किया।‘’

मलेरिया टीम में कुमार सिंह वीबीडी सलाहकार, सतीश देवांगन लैब टेक्नीशियन, रेवानंद साहू मलेरिया टेक्निकल सुपरवाइजर, कपिल नारायण रजक फील्ड वर्कर, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर की आरएमए अंजली ठाकुर. एएनएम अनीता वर्मा और अनीता साहू, शहरी मितानिन एवं आरोग्य समिति के सदस्य रितु देवदार, सीमा साहू, सरस्वती, माधुरी, कल्याणी, दुलारी यादव मौजूद रहे ।

क्या करें एकत्र स्वच्छ जमा पानी को बदलें क्योंकि डेंगू का मच्छर साफ स्थिर पानी में पनपता है। बर्तन, कूलर, एसी, टायर, और फूलदान में जमा पानी को हर हफ्ते खाली करें या पानी बदल दें। जमा हुए पानी में जले मोबिल ऑयल की कुछ बूंदें डालें, जिससे पानी पर छोटी परत बन जाए। पानी की टंकी को हमेशा ढक्कन से ढक कर रखें।