रतलाम (वीएनएस)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पास रविवार सुबह राजधानी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। बी-1 थर्ड एसी कोच में सवार सभी 68 यात्रियों को करीब 15 मिनट के भीतर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल अंतर्गत लूनी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच सुबह करीब 5:30 बजे हुई। दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच के नीचे से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पास स्थित एसएलआर लगेज ब्रेक वैन को भी अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें काफी ऊंची थीं और दूर से दिखाई दे रही थीं। स्थिति गंभीर होते देख ट्रेन गार्ड ने तत्काल लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया। रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ जवानों ने बिना समय गंवाए यात्रियों को दूसरे कोचों में शिफ्ट किया और सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर ओवरहेड बिजली सप्लाई बंद कर दी गई और क्षतिग्रस्त कोचों को ट्रेन से अलग किया गया। अधिकारियों ने बताया कि समय रहते राहत कार्य शुरू होने से किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
इस हादसे के चलते नई दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया, जिनमें मुंबई-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी शामिल थी। बाद में ट्रैक साफ कर रेल परिचालन बहाल किया गया।
रेलवे की प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। रेलवे प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों की यात्रा पूरी कराने के लिए कोटा स्टेशन पर अतिरिक्त कोच जोड़ने की व्यवस्था की है।
घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे स्टाफ और आरपीएफ जवानों की तत्परता की सराहना की। यात्रियों का कहना था कि अगर कुछ मिनट की भी देरी होती तो यह हादसा बेहद भयावह साबित हो सकता था।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष पर विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत को अस्थिर करने का आरोप लगाया है।
सुप्रीम कोर्ट ने सीजेआई सूर्यकांत पर की गई टिप्पणियों के मामले में पत्रकार निखिल वागले और सांसद संजय राउत को आपराधिक अवमानना का नोटिस जारी किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चौथा पत्र लिखकर परिसीमन प्रस्तावों पर संसद में विधेयक पेश करने से पहले सर्वदलीय...
विपक्ष के भारी विरोध के बीच चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाते हुए 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नए मतदाताओं के लिए स्पेशल समरी रिवीजन शुरू करन...
यहां कनॉट प्लेस में आयोजित 'लहरा दो तिरंगा' प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके को पुलिस ने उनके आवास से निकलते ...
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समानांतर प्रदर्शनों को लेकर का...