सेवा संकल्प अभियान : बाल विवाह मुक्त सूरजपुर के संकल्प को साकार करने विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

Posted On:- 2026-10-07




सूरजपुर (वीएनएस)। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत बाल विवाह की रोकथाम एवं बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के लिए जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल के मार्गदर्शन  तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल के नेतृत्व में विश्रामपुर स्थित डीएवी स्कूल एवं वीएम नर्सिंग कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्त अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो) के संबंध में जानकारी दी गई। सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के बारे में समझाते हुए किसी भी असहज स्थिति में विश्वसनीय वयस्क से सहायता लेने और संबंधित घटना की सूचना देने के लिए जागरूक किया गया। बच्चों की सुरक्षा एवं पहचान की गोपनीयता के महत्व पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भविष्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि बाल विवाह की रोकथाम में परिवार, शैक्षणिक संस्थानों एवं समुदाय की सहभागिता आवश्यक है। बाल विवाह की सूचना समय पर देकर बच्चों को संरक्षण प्रदान करने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।

युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा परिवार एवं समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। सखी वन स्टॉप सेंटर की चंदा प्रजापति ने केंद्र के माध्यम से महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली आश्रय, चिकित्सा सहायता, कानूनी सहायता एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 एवं आपातकालीन हेल्पलाइन 112 के संबंध में भी बताया गया।

वीएम नर्सिंग कॉलेज में जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल ने नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं से अपने परिवार और गांव में बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति या परिवार से बिछड़े बच्चे की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन अथवा जिला बाल संरक्षण इकाई को सूचना दें। महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी के माध्यम से भी ऐसे मामलों की जानकारी दी जा सकती है।

जायसवाल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शासन के बाल विवाह मुक्त अभियान में स्वयंसेवक के रूप में जुड़कर जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान संस्थानों में विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्ति की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में वीएम नर्सिंग कॉलेज के संचालक विजय राज अग्रवाल, सखी वन स्टॉप सेंटर की चंदा प्रजापति, चाइल्डलाइन से दिनेश यादव एवं प्रकाश राजवाड़े सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।




Related News
thumb

जिले के 10 प्रमुख उद्योगों ने अपनाई सौर ऊर्जा, हरित ऊर्जा की ओर बढ़...

राजनांदगांव जिला सौर ऊर्जा के उपयोग और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ जिले के औद्योगिक संस्...


thumb

अल्पवर्षा व कीट-व्याधि से प्रभावित फसलों का होगा संयुक्त सर्वेक्षण

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अल्पवर्षा एवं कीट-व्याधि से फसलों के प्रभावित होने के संबंध में किसानों द्वारा सूखा घोषित करने, ऋण माफी करने तथा प्र...


thumb

चांदागांव में लगा जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर, ग्रामीणों को ...

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा सेतु अभियान में फरसगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत चांदागांव में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गय...


thumb

आंगन मिलन उत्सव में शामिल हुए विधायक दीपेश साहू, गर्भवती माताओं की ...

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान 2026 एवं 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आज बेमेतरा नगर पाल...


thumb

सेवा ज्योति यात्रा का हुआ आयोजन, विकसित भारत के संकल्प के साथ नागरि...

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कांकेर के न्यू बस स्टैंड स्थित डोम परिसर में सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


thumb

विशेष लेख : सेवा संकल्प अभियान:धमतरी की 100 साल पुरानी वनोपज मंडी फ...

श्यामतराई में सोमवार से शुरू होगा वनोपज एवं औषधीय उत्पादों का नियमित क्रय-विक्रय, स्थानीय उत्पादकों को मिलेगा बेहतर बाजार