प्रायोगिक गतिविधियों से विकसित होती है वैज्ञानिक सोच, लंबे समय तक याद रहती हैं सीखी हुई बातें : कलेक्टर

Posted On:- 2026-10-31




सूरजपुर (वीएनएस)। विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा प्रयोगों के माध्यम से वैज्ञानिक सिद्धांतों की व्यावहारिक समझ विकसित करने के उद्देश्य से साधुराम सेवा कुंज में जिला स्तरीय विज्ञान मेला का आयोजन किया गया। विज्ञान मेला में सभी विकासखंड से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान के सिद्धांतों को समझा। 

इस अवसर पर कलेक्टर रेना जमील ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें वैज्ञानिक सोच विकसित करने और नई चीजों को सीखने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में जिले के सभी विद्यालयों से विज्ञान, भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षक तथा प्रत्येक विद्यालय से चयनित विद्यार्थी सम्मिलित हुए। कार्यशाला में कुल 758 शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यशाला दो सत्रों में आयोजित की गयी जहां दोनों सत्रों में ब्लॉक स्तरीय मेंट्रर्स ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रयोगशाला सामग्री से कक्षा में प्रयोग करने की विधियां बताई।

संयुक्त कलेक्टर प्रशान्त कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित विज्ञान मेला में विद्यार्थियों को भौतिकी एवं रसायन विज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रयोग कराया गया। इस दौरान हैंड्स ऑन एक्टिविटी के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वयं प्रयोग कर वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझने का प्रयास किया। प्रायोगिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान की अवधारणाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करने का अवसर मिला।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय प्रयोगों के माध्यम से समझना आवश्यक है। प्रायोगिक गतिविधियों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित होती है और विषयों की समझ अधिक स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि पुस्तकों में पढ़ी गई बातों को जब विद्यार्थी स्वयं प्रयोग करके देखते और समझते हैं, तो वह ज्ञान लंबे समय तक उनकी स्मृति में बना रहता है। शिक्षकों के मार्गदर्शन में किया गया प्रयोग विद्यार्थियों की जिज्ञासा बढ़ाने के साथ-साथ उनमें तर्कशीलता, विश्लेषण क्षमता और समस्या समाधान की दक्षता विकसित करने में भी सहायक होता है।

कलेक्टर जमील ने विद्यार्थियों को घर पर भी सुरक्षित एवं सरल वैज्ञानिक प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति आकर्षित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रायोगिक गतिविधियों से जोड़ने विकासखंड स्तर पर भी इस प्रकार का आयोजन किया जाएगा।

विज्ञान मेले के दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि विभिन्न प्रयोगों के माध्यम से उन्हें विज्ञान के सिद्धांतों को सरल एवं रोचक तरीके से समझने का अवसर मिला। स्वयं प्रयोग करने से विषयों के प्रति उनकी जिज्ञासा बढ़ी और नई जानकारियां प्राप्त हुईं। विद्यार्थियों ने प्रयोगों की प्रक्रिया और उनसे प्राप्त सीख के बारे में भी जानकारी दी। शिक्षकों ने भी अपना अनुभव साझा करते हुए प्रायोगिक गतिविधियों को विज्ञान शिक्षण का प्रभावी माध्यम बताया।

इस अवसर पर कलेक्टर जमील ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की। उन्होंने अपना हेल्प क्यूआर की उपयोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में यह क्यूआर कोड त्वरित सहायता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को इसकी उपयोगिता के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर यशवंत देवांगन, डीएमसी मनोज साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यालयीन विद्यार्थी उपस्थित रहे।



Related News
thumb

विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पंचतत्व में हुए विलीन, मुख्यमंत्री साय ने...

अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा आज पंचतत्व में विलीन हो गए।


thumb

चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित खरीफ फसलों का संयुक्त सर्वेक्षण कर रहे ...

चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से खरीफ फसलों को हुई क्षति का आकलन करने के लिए राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी संबंधित बीमा कंपनी के प्रतिनिधियो...


thumb

कुपोषण मुक्त जिले की दिशा में विशेष स्वास्थ्य शिविर, 44 बच्चों का ह...

कुपोषण मुक्त जिला बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल सारंगढ़ में कुपोषित बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य श...


thumb

जिले के कमार आदिवासियों के पारंपरिक जीवन और संस्कृति को मिलेगी कानू...

जिले की विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय के पारंपरिक जीवन, संस्कृति, आजीविका और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े अधिकारों को कानूनी मान्यता दिलाने की दि...


thumb

कोर्सेवाड़ा का निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति, वे सुलझे हुए, परिपक...

अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा आज पंचतत्व में विलीन हो गए।


thumb

कोर्सेवाड़ा का निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति, वे सुलझे हुए, परिपक...

अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा आज पंचतत्व में विलीन हो गए।