नयी दिल्ली(वीएनएस)। हिंदू पौराणिक महाकाव्य रामायण पर आधारित भव्य फिल्म बृहस्पतिवार को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई और इसे दर्शकों से ज्यादातर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिलीं। दर्शकों ने फिल्म के शानदार दृश्यांकन और कलाकारों के अभिनय विशेषकर रणबीर कपूर और यश की जमकर सराहना की। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म प्राचीन महाकाव्य पर आधारित दो भागों वाली सिनेमाई प्रस्तुति की पहली कड़ी है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में हैं। बड़े बजट की इस फिल्म को रिलीज के पहले दिन देशभर में 11,621 शो में दिखाया जा रहा है, जो इसकी व्यापक सिनेमाघर प्रस्तुति को दर्शाता है। दिन चढ़ने के साथ ही देशभर के सिनेमाघरों से फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
कई दर्शकों ने इसकी भव्यता, सिनेमैटोग्राफी, दृश्य प्रभावों (वीएफएक्स) और कलाकारों के अभिनय की तारीफ की। हालांकि, कुछ दर्शकों का मानना था कि कहानी कहने का अंदाज व संवाद और बेहतर हो सकते थे। मुंबई के अंधेरी स्थित फन रिपब्लिक में फिल्म का 3डी संस्करण देखने वाले एक दर्शक ने महाकाव्य को पर्दे पर पेश करने के फिल्म की टीम के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि फिल्म में पात्रों को लेकर रचनात्मक टीम ने जो दृष्टिकोण अपनाया, उसे अंत तक बरकरार रखा गया है। दर्शक ने पीटीआई-भाषा से कहा, वीएफएक्स, सीजीआई और सब कुछ बेहद भव्य है। इसके बावजूद फिल्म काफी वास्तविक लगती है।हमारी संस्कृति और इतिहास के अनुसार रामायण का सटीक चित्रण किया गया है। हर छोटी-बड़ी बात को दिखाया गया है और इस पर पूरी बारीकी से काम किया गया है। उन्होंने कहा, मुझे सबसे ज्यादा यही बात पसंद आई।पात्रों का चित्रण वास्तविक लगा। फिल्म निर्माताओं ने जो रचनात्मक फैसले लिए, उन पर वे पूरी फिल्म में कायम रहे। फिल्म में यश के अभिनय को विशेष रूप से सराहना मिली।
कई दर्शकों ने कहा कि अभिनेता ने रावण के किरदार को पारंपरिक खलनायक की तरह पेश करने के बजाय उसमें कई भावनात्मक और जटिल पहलुओं को उभारा है। एक दर्शक ने कहा, रावण के रूप में यश शानदार हैं। रावण को लेकर मेरी जो कल्पना थी, वह उसी तरह के लगे।उन्होंने लंकेश या रावण को किसी पारंपरिक मुख्यधारा के खलनायक की तरह नहीं निभाया, बल्कि बेहद सहज और शानदार अभिनय किया। एक अन्य दर्शक ने यश के संवाद अदायगी के अंदाज और संस्कृत के इस्तेमाल की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि अभिनेता ने इस किरदार को निभाने के लिए काफी मेहनत की है।
भगवान राम की भूमिका में रणबीर कपूर के अभिनय को भी दर्शकों ने सराहा। एक दर्शक ने कहा कि अभिनेता ने फिल्म के पहले भाग में पूरे समय उन्हें बांधे रखा। उन्होंने कहा, जब राम की भूमिका की बारी आई, तो मुझे नहीं पता था कि रणबीर कपूर इसे किस तरह निभाएंगे।लेकिन उन्होंने मुझे पूरी तरह बांधे रखा। इसलिए फिल्म का पहला भाग पूरी तरह पैसा वसूल रहा। एक अन्य दर्शक ने फिल्म को शानदार बताते हुए नितेश तिवारी के निर्देशन, पंकज कुमार और महेश लिमये की सिनेमैटोग्राफी तथा दृश्य प्रभावों की तारीफ की।
उन्होंने कहा, मुझे फिल्म बहुत पसंद आई। खास तौर पर नितेश तिवारी का निर्देशन काबिलेतारीफ है। फिल्म साढ़े तीन घंटे से अधिक लंबी है, लेकिन एक पल के लिए भी आप बोर नहीं होंगे।दर्शक ने स्वीकार किया कि फिल्म की कहानी को स्थापित करने में शुरुआत में कुछ समय लगता है, लेकिन इसके भव्य दृश्य दर्शकों को बांधे रखते हैं। उन्होंने कहा, शुरुआत में कहानी को आगे बढ़ाने में थोड़ा समय लगता है। कुछ दृश्य कमजोर भी लग सकते हैं, लेकिन आप बोर नहीं होंगे।फिल्म का हर दृश्य आपको पसंद आएगा। हालांकि, एक दर्शक ने कहा कि रामायण अपने बड़े बजट और भव्य पैमाने को लेकर बनी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। उन्होंने कहा, यह बड़े बजट की फिल्म है, इसलिए मुझे लगा था कि यह अच्छी होगी।लेकिन देखने के बाद निराशा हुई। फिल्म में कुछ खास नहीं है। मैंने इसे 3डी में देखा, इसलिए थोड़ा मनोरंजन जरूर मिला।
उन्होंने फिल्म के निर्देशन और संवादों पर भी सवाल उठाए। दर्शक ने कहा, हमने रामायण का जो धारावाहिक देखा था, वह बहुत अच्छा था और लंबे समय तक चला था। इस फिल्म में उसके एक प्रतिशत जितना भी अभिनय नहीं है।सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर ज्यादातर प्रतिक्रियाएं सकारात्मक रही हैं। एक यूजर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, सिनेमा का चरम! एक-एक पैसे की कीमत वसूल।जाइए और फिल्म देखिए। आप कुछ असाधारण देखने वाले हैं। इंद्र और रावण के बीच मुकाबला सिनेमाई पागलपन का शानदार नमूना है।
यह टिप्पणी फिल्म के शुरुआती युद्ध दृश्य के संदर्भ में थी, जिसमें अभिनेता कुणाल कपूर ने भगवान इंद्र की भूमिका निभाई है। कई अन्य दर्शकों ने जटायु से जुड़े एक्शन दृश्य की भी तारीफ की। फिल्म में जटायु के किरदार को अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी आवाज दी है।सोशल मीडिया मंच एक्स पर कई लोगों ने सिनेमाघरों में इस युद्ध दृश्य की छोटी-छोटी वीडियो क्लिप साझा कीं। एक यूजर ने लिखा, जटायु का पूरा दृश्य मेरी टिकट के पैसे वसूल कर देता है। एक अन्य टिप्पणी में कहा गया, रामायण भाग-एक महाकाव्य है।
जटायु और रावण के बीच युद्ध सिनेमा का शानदार अनुभव है। फिल्म का पहला भाग इस दृश्य के साथ समाप्त होता है, जिसमें भगवान राम सीता को वापस लाने का संकल्प लेते हैं। इसके बाद हनुमान की एक झलक दिखाई जाती है, जिसमें वह समुद्र पार करते नजर आते हैं, लेकिन उनका चेहरा दर्शकों को नहीं दिखाया जाता।दूसरे भाग में हनुमान की भूमिका अभिनेता सनी देओल निभाएंगे। फिल्म का दूसरा भाग अगले साल रिलीज होने वाला है। फिल्म कारोबार पर नजर रखने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, रामायण दुनियाभर में सप्ताहांत के लिए अग्रिम बुकिंग के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की टिकट बिक्री के साथ बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की ओर बढ़ रही है।
उत्तर प्रदेश की बात करें तो आपको बता दें कि आबादी के लिहाज से देश का सबसे बड़ा यह राज्य मोदी सरकार के इस फैसले का सबसे बड़ा राजनीतिक लाभार्थी बन सक...
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दुष्कर्म और पॉक्सो मामलों में त्वरित न्याय दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों की योजना को पांच साल के लिए बढ़ा दिया है।...
उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि किसी गिरफ्तार व्यक्ति को मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की 24 घंटे की संवैधानिक समयसीमा उसे हिरासत में लिए ज...
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर संसद बाधित करने और अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार तीन लोकसभा चुनाव हारी है।
केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया है कि वह उच्च शिक्षण संस्थानों में जाति आधारित भेदभाव संबंधी यूजीसी के नियमों की समीक्षा के लिए समिति ब...