पौधों में जीवन की उम्मीद और यादों में हरियाली संजो रहे रोम शंकर यादव, मुख्यमंत्री ने ‘विष्णु की पाती’ से की सराहना

Posted On:- 2026-11-12




दुर्ग (वीएनएस)। प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प जब जीवन का उद्देश्य बन जाए, तो छोटी-सी पहल भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकती है। कुछ ऐसी ही प्रेरणादायी सोच के साथ ग्राम डूंडेरा निवासी रोम शंकर यादव अपनी संस्था ‘हितवा संगवारी’ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उनके लिए पौधारोपण केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि खुशियों को यादगार बनाने और अपनों की स्मृतियों को प्रकृति में जीवित रखने का एक भावनात्मक माध्यम है।

रोम शंकर यादव और उनकी पूरी टीम ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए एक अनूठी पहल की है। संस्था द्वारा बच्चों के जन्मदिन, किसी प्रियजन के निधन, पुण्यतिथि तथा महापुरुषों की जयंती जैसे विशेष अवसरों पर पौधारोपण कराया जाता है। इस पहल के माध्यम से वे लोगों को यह संदेश दे रहे हैं कि खुशियों के अवसर हों या अपनों की यादें, हर मौके को प्रकृति के नाम किया जा सकता है। किसी बच्चे के जन्मदिन पर लगाया गया पौधा उसके साथ बढ़ता है, तो किसी दिवंगत प्रियजन की स्मृति में रोपा गया वृक्ष उनकी यादों को हरियाली के रूप में हमेशा जीवित रखता है।

रोम शंकर यादव की यह पहल समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और भावनात्मक जुड़ाव विकसित करने का माध्यम बन रही है। उनका प्रयास है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के किसी न किसी खास अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुंदर और हरित वातावरण मिल सके। उनके इसी निस्वार्थ सामाजिक योगदान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण को देखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया।

मुख्यमंत्री से मिले इस आत्मीय संदेश और प्रशंसा से अभिभूत रोम शंकर यादव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रोत्साहन उनके लिए सम्मान के साथ-साथ नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। वे भविष्य में भी अपनी पूरी टीम के साथ पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। रोम शंकर यादव की यह पहल हमें एक सुंदर संदेश देती है कि ’किसी की खुशी को पौधे के रूप में और किसी की स्मृति को वृक्ष के रूप में संजोया जा सकता है।’ क्योंकि एक पौधा लगाना केवल धरती को हरियाली देना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन और उम्मीद बोना भी है।  



Related News
thumb

डिजिटल टोकन और बेहतर इंतजामों से धान बेचना हुआ आसान, किसान सीतासरन ...

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धान खरीदी में किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए किए गए इंतजामों से उपार्जन प्रक्रिया सहज और सुविधाजनक हुई है।


thumb

धान खरीदी केंद्रों पर सुविधाजनक व्यवस्था से किसानों को राहत, डिजिटल...

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धान खरीदी में किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए किए गए इंतजामों से उपार्जन प्रक्रिया सहज और सुविधाजनक हुई है।


thumb

सेवा सेतु से महज 5 दिनों में मिले जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र, बे...

आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शुरू की गई सेवा सेतु पहल लोगों क...


thumb

वजन त्यौहार के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर ने ली जिला स्तरीय बैठक, दि...

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में 01 दिसंबर से 14 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार की तैयारियों एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर आज कलेक्टोरे...


thumb

चक्रवात से प्रभावित फसलों में पात्र किसानों को फसल बीमा एवं आरबीसी ...

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने आगामी 1 से 14 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार की तैयारियों की ...


thumb

ग्रीष्मकालीन धान के बदले कम पानी वाली दलहन तिलहन फसलों को अपनाने की...

जिले में गिरते भूजल स्तर को नियंत्रित करने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार किसानों से ग्रीष्मकालीन रबी धान की...