छत्तीसगढ़ की बेटियों ने कबड्डी के मैदान में दिखाया दमखम,राजनांदगांव ने जीता राज्य स्तरीय चैंपियनशिप का खिताब

Posted On:- 2026-11-16




रायपुर(वीएनएस)।छत्तीसगढ़ की बेटियों ने कबड्डी के मैदान में अपनी प्रतिभा, साहस, फुर्ती और अद्भुत खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि खेल के क्षेत्र में भी प्रदेश की बालिकाएं निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हैं। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के फिजिकल कॉलेज मैदान, पेण्ड्रा में आयोजित तीन दिवसीय 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी चैंपियनशिप 2026 का रविवार को उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में राजनांदगांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर को पराजित कर राज्य स्तरीय चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। बिलासपुर की टीम उपविजेता रही, जबकि मेजबान गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले ने तीसरा तथा रायपुर जिले ने चौथा स्थान प्राप्त किया।
13 से 15 नवंबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 26 जिलों की टीमों के कुल 364 बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता, रणनीतिक कौशल और सामूहिक समन्वय का उत्कृष्ट परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के जोश और उत्साह ने दर्शकों को रोमांचित किया। विशेष रूप से अंतिम दिन खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
रोमांचक फाइनल मुकाबले में राजनांदगांव ने मारी बाजी’
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला राजनांदगांव और बिलासपुर की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने खिताब हासिल करने के लिए पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों की फुर्ती, मजबूत रक्षात्मक रणनीति, आक्रामक खेल और आपसी तालमेल ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
राजनांदगांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर को पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। बिलासपुर की टीम ने भी उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया। वहीं मेजबान गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। रायपुर जिले की टीम चौथे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई बालिका खिलाड़ियों ने साबित किया कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।


’ 



Related News
thumb

महासमुंद जिले में धान खरीदी के दूसरे दिन 960 किसानों ने कटाए टोकन

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों की सुविधा, पारदर्शिता एवं सुगमता को प्राथमिकता देते हुए समर्थन मूल्य पर ...


thumb

गंदगी पर दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राजधानी रायपुर में गंदगी पर कार्रवाई करते हुए रायपुर नगर निगम के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।



thumb

छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में स्वास्थ्य सेवा के 11 ...

छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सहायक एवं स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं से जुड़े 11 पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्...


thumb

धान खरीदी में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं, अनियमितता मिलने पर सख्ती से होगी...

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत मुंगेली जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला कलेक्टोर...