पीएम मोदी ने आदिवासी समाज के इतिहास और महानायकों को दिलाई नई पहचान:ओ.पी. चौधरी

Posted On:- 2026-11-19





रायपुर(वीएनएस)।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और महानायकों को देशभर में नई पहचान दिलाई है। जनजातीय समाज के महानायकों ने देश की स्वतंत्रता, अपनी संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अतुलनीय संघर्ष और बलिदान दिया है। उनका योगदान भारत के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। आज जनजातीय गौरव दिवस केवल आदिवासी समाज का उत्सव नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए जनजातीय वीरों के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन करने का अवसर बन गया है।
यह बात वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने आज जशपुर जिले के सरना एथेनिक रिजॉर्ट, बालछापार में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में श्री चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश की स्वतंत्रता और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महानायकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के लिए बलिदान देने वाले जनजातीय सैनिक के परिजनों तथा विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुखों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण को विशेष महत्व दिया गया है। जनजातीय समाज की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वाेच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति के रूप में आसीन होना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। इसी प्रकार जनजातीय समाज के बेटे श्री विष्णु देव साय को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश का नेतृत्व करने का अवसर मिला है। यह जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि मुख्यमंत्री श्री साय इसी अंचल की माटी से आते हैं।
श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने लगभग दो दशकों तक रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र का संसद में प्रतिनिधित्व किया है। उनका सहज, सरल और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणादायक है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उन पर विश्वास जताते हुए प्रदेश के नेतृत्व की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास और जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर अंचल में विकास को मिल रही नई गति’
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, परिवहन और बुनियादी अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। जिले में सड़कों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। भारतमाला परियोजना के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। जशपुर अंचल को रेल सुविधाओं से जोड़ने का वर्षों पुराना सपना भी अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, जशपुर में नालंदा परिसर का निर्माण तथा वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में एनटीपीसी के सीएसआर मद से आधुनिक अस्पताल का निर्माण क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इन कार्यों से आने वाले समय में जशपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि दूरस्थ जनजातीय अंचलों तक विकास की सभी आवश्यक सुविधाएं पहुंचें और यहां के युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलें।
पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों और राष्ट्रीय स्तर पर चयनित बेटियों का किया सम्मान’
समारोह के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने समुदाय के लोगों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री ने क्रिकेट के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली जशपुर जिले की बेटियों को भी सम्मानित किया। अंडर-17 और अंडर-19 राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट टीमों में चयनित बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जशपुर की बेटियां शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उनकी सफलता जिले के अन्य बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
स्वरोजगार के लिए महिलाओं को ऋण के प्रतीकात्मक चेक वितरित’
समारोह में वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत स्वरोजगार एवं व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए महिलाओं को ऋण के प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए। उन्होंने श्रीमती शकुंतला सिंह को एक लाख रुपये तथा श्रीमती सुमित्रा बेसरा और श्रीमती बंधनी बाई को दो-दो लाख रुपये के ऋण के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र कुमार बेसरा,  पद्मश्री श्री जागेश्वर यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुख, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।



Related News
thumb

स्काउटिंग से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवाभाव क...

स्कूल शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य अध्यक्ष श्री गजेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में आज रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहर...


thumb

विद्यालयों का निजीकरण नहीं, भवन और भूमि का शत-प्रतिशत स्वामित्व शास...

छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों एवं विकासखंड मुख्यालयों में बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में मह...


thumb

चिरायु योजना से जन्मजात टेढ़े पैरों से पीडि़त दो माह की बच्ची को मि...

शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ कई बच्चों के बेहतर भविष्य की राह भी आसान बना रही हैं।


thumb

किसान तुहर टोकन ऐप से आसान हुई धान खरीदी प्रक्रिया, किसानों ने मुख्...

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और समय की बचत को प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी व्यवस्था में डिजिटल तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा...


thumb

खनन प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को मिल रहे रोजगार और स्वरोजगार के ...

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की ...