सारंगढ़-बिलाईगढ़ (वीएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा जन आकांक्षाओं के अनुरूप की गई एक और महत्वपूर्ण घोषणा को जिला प्रशासन ने मूर्त रूप दिया है।
बिलाईगढ़ के ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव में शामिल होने के दौरान मुख्यमंत्री साय ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के क्रियान्वयन की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा तत्परता से आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही की गई है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन एवं नियमित समीक्षा के फलस्वरूप बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा आम नागरिकों को उनके निकट ही सुगम, सुलभ एवं समयबद्ध प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी उद्देश्य के अनुरूप जिला मुख्यालय से दूर स्थित बिलाईगढ़ क्षेत्र के नागरिकों की प्रशासनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना का निर्णय लिया गया है। इस व्यवस्था से क्षेत्रवासियों को राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक प्रकरणों के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय तक आने-जाने की आवश्यकता में कमी आएगी तथा स्थानीय स्तर पर ही प्रकरणों की सुनवाई एवं निराकरण की सुविधा प्राप्त होगी।
प्रत्येक गुरुवार को बिलाईगढ़ में संचालित होगा अपर कलेक्टर लिंक कोर्ट
कलेक्टर कार्यालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार विकासखंड बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय का संचालन अस्थायी रूप से न्यायालय नायब तहसीलदार कोर्ट, बिलाईगढ़ में किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक गुरुवार को अपर कलेक्टर द्वारा लिंक कोर्ट का संचालन किया जाएगा। इस दौरान नियमानुसार राजस्व एवं अन्य संबंधित प्रकरणों की सुनवाई तथा निराकरण की कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक अभिलेखों एवं प्रकरणों के साथ निर्धारित दिवस पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि न्यायालयीन एवं प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रियान्वयन की कलेक्टर ने की नियमित समीक्षा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा की गई घोषणाओं को निर्धारित प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की नियमित समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए कार्यालय संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन की इस पहल से मुख्यमंत्री की घोषणा को व्यावहारिक रूप मिला है।
बिलाईगढ़ क्षेत्र के नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत
बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना से क्षेत्र के नागरिकों, किसानों, अधिवक्ताओं एवं अन्य पक्षकारों को विशेष सुविधा मिलेगी। राजस्व एवं प्रशासनिक मामलों में सुनवाई के लिए जिला मुख्यालय सारंगढ़ तक आने-जाने में लगने वाले समय एवं व्यय की बचत होगी। स्थानीय स्तर पर प्रकरणों की सुनवाई होने से नागरिकों की प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच अधिक सुगम होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा राजशाही दशहरा उत्सव के अवसर पर की गई घोषणा के पूरा होने से बिलाईगढ़ क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, बिलाईगढ़ के वरिष्ठ समाजसेवी ओंकारेश्वर शरण सिंह, अधिवक्तागण, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि सहित क्षेत्र के अनेक प्रबुद्ध नागरिकजन उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धान खरीदी में किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए किए गए इंतजामों से उपार्जन प्रक्रिया सहज और सुविधाजनक हुई है।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धान खरीदी में किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए किए गए इंतजामों से उपार्जन प्रक्रिया सहज और सुविधाजनक हुई है।
आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शुरू की गई सेवा सेतु पहल लोगों क...
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में 01 दिसंबर से 14 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार की तैयारियों एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर आज कलेक्टोरे...
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने आगामी 1 से 14 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार की तैयारियों की ...
जिले में गिरते भूजल स्तर को नियंत्रित करने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार किसानों से ग्रीष्मकालीन रबी धान की...