चौथिया कार्यक्रम में जा रही पिकअप पलटी: 1 की मौत और 17 घायल

Posted On:- 2026-04-18




बालोद (वीएनएस)। धमतरी जिले के एक यादव परिवार के लिए 'चौथिया' की रस्म उस समय हादसे में बदल गई, जब बालोद जिले के झलमला-रानीमाई मार्ग पर उनकी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।

शादी के बाद चौथिया कार्यक्रम में जा रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले के भानपुरी निवासी टीकाराम यादव की बेटी का विवाह डौंडी ब्लॉक के ग्राम ढोर्ररीठमा में हुआ था। शुक्रवार शाम परिवार के लगभग 35 सदस्य पिकअप वाहन में सवार होकर चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। शाम करीब 6:30 बजे तालगांव के आगे रानीमाई मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सुरेश यादव (45 वर्ष) की मौत हो गई।

घायलों मनीष यादव और दीपक यादव के अनुसार, वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। महिलाओं को पहले बस से भेजा गया था, जबकि कुछ लोग मेटाडोर से गए थे। शेष लोग पिकअप में जा रहे थे। आरोप है कि चालक उमाशंकर निर्मलकर वाहन को तेज गति से चला रहा था और यात्रियों द्वारा बार-बार सावधानी बरतने की बात कहने के बावजूद उसने रफ्तार कम नहीं की।

हादसे के बाद अफरा-तफरी, राहगीरों ने पहुंचाई मदद
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोग वाहन से उछलकर सड़क किनारे और झाड़ियों में जा गिरे। कई घायलों के सिर पर चोट आई, जबकि कुछ के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बच्चे सुरक्षित, कई घायल गंभीर
वाहन में 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 10 बच्चे भी सवार थे, जो बीच में बैठे होने के कारण सुरक्षित बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं। वहीं अन्य कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

चालक की भूमिका पर जांच जारी
प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। चालक ने अपने बयान में बताया कि मोड़ पर एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया।

अनुभव की कमी भी बनी कारण
जांच में यह भी सामने आया है कि चालक को ड्राइविंग का सीमित अनुभव था। वह करीब एक वर्ष पहले ही ड्राइवर बना था। जिस पिकअप वाहन को वह चला रहा था, उसे उसके परिजनों द्वारा हाल ही में खरीदा गया था।

पुलिस कार्रवाई
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज किया जाएगा। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए बाहर रेफर किया जा रहा है।



Related News
thumb

कलेक्टर ने स्वयं जनगणना फील्ड प्रशिक्षण का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं व...

आगामी 1 मई से प्रारंभ होने वाली जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन राजनांदगांव द्वारा प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का विशेष ...


thumb

प्रमुख सचिव ने किया पंचायत विभाग के कार्यों का निरीक्षण

प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह ने गुरुवार को जशपुर जिले के भ्रमण के दौरान बगीचा जनपद पंचायत के ग्राम रायकेरा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर...


thumb

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को वाहन चलाते समय हेलमेट औ...

कलेक्टर रोहित व्यास ने सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए है कि वाहन चलाते समय और कलेक्टोरेट कार्यालय आते और वापस घर जाते समय हेल...


thumb

दुर्घटना बताकर नहीं अचानक आती है जीवन की रक्षा के लिए हेलमेट और सीट...

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा थीम पर आधारित जनप्रतिनिधि अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नाग...


thumb

मुख्यमंत्री साय ने 375 अटल डिजिटल सुविधा केंद्र भवनों का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रणजीता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत स्तर पर नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा मे...


thumb

मुख्यमंत्री साय ने धरोहर पत्रिका द्वितीय संस्करण का किया विमोचन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज रणजीता स्टेडियम में जशपुर के आदिवासी संस्कृति खान पान,रहन सहन,लोक नृत्य और पारंपरिक प...