मालवीय रोड जैन मंदिर में ग्रीष्मकालीन संस्कार शिक्षण शिविर 1 जून से

Posted On:- 2026-05-31




बच्चों को खेल-खेल में दिए जाएंगे जैन संस्कृति के संस्कार, बड़ों के लिए भी लगेंगी विशेष कक्षाएं

रायपुर (वीएनएस)। मालवीय रोड स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) में 1 जून 2026 से 10 दिवसीय 'ग्रीष्मकालीन श्रमण संस्कृति संस्कार शिक्षण शिविर' का शुभारंभ होने जा रहा है। दिगंबर जैन श्रमण संस्कृति संस्थान, सांगानेर (जयपुर) के तत्वावधान में आयोजित यह शिविर आगामी 10 जून तक चलेगा। शिविर का आयोजन संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर महाराज की पावन प्रेरणा से किया जा रहा है।

दिगंबर जैन मंदिर पंचायत ट्रस्ट (कार्यसमिति) एवं आदिनाथ विद्या धार्मिक पाठशाला के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि आधुनिकता और स्मार्टफोन के इस दौर में नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली जैन संस्कृति, नैतिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़े रखने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
 
शिविर की गतिविधियों को दो सत्रों (सुबह और शाम) में विभाजित किया गया है, ताकि बच्चे और बड़े दोनों इसका पूर्ण लाभ उठा सकें प्रातः कालीन सत्र: सुबह 7:00 से 8:00 बजे तक देव-शास्त्र-गुरु की भक्ति के तहत अभिषेक एवं सामूहिक पूजन होगा। इसके पश्चात 8:00 से 9:30 बजे तक बच्चों एवं बड़ों के लिए पृथक-पृथक धार्मिक कक्षाएं लगेंगी। सुबह के सत्र के बाद सभी शिविरार्थियों के लिए संस्था की ओर से स्वल्पाहार (नाश्ते) की व्यवस्था रहेगी।

शाम 7:00 से 7:30 बजे तक सामूहिक आरती एवं पाठ होगा। तत्पश्चात 7:30 से 8:30 बजे तक सायंकालीन कक्षाएं आयोजित होंगी।

 रात्रि 8:30 से 9:15 बजे तक बच्चों के मनोरंजन और ज्ञानवर्धन के लिए संस्कारमय सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक प्रश्नमंच, अंताक्षरी, तंबोला तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही मानसिक शांति व एकाग्रता के लिए अर्हं योग और भावना योग के विशेष सत्र भी होंगे।

शिविर में सम्मिलित होने वाले सभी प्रतिभागियों को शास्त्र ग्रंथ, नोटबुक, पेन/पेंसिल एवं आवश्यक किट पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जाएगी। शिविर के समापन पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

शिविर को सफल बनाने के लिए विद्वतश्री सौरभ कुमार जैन शास्त्री (9179685885) और शास्त्री अभिषेक जैन “आयांश” (8588903262) के निर्देशन में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जैन समाज के अध्यक्ष एवं कार्यसमिति ने रायपुर के समस्त जैन परिवारों से अपील की है कि वे ग्रीष्मकालीन अवकाश का सदुपयोग करते हुए अपने बच्चों को इस शिविर में अवश्य भेजें और स्वयं भी सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करें।



Related News
thumb

बालोद में चमगादड़ों की रहस्यमयी मौत, जांच के लिए भोपाल भेजे गए नमूने

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा क्षेत्र में बड़ी संख्या में चमगादड़ों की रहस्यमयी मौतों ने प्रशासन और वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है।


thumb

आजादी के 79 साल बाद भी विकास की राह देख रहा कोत्तापल्ली

जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पुजारी कांकेर का आश्रित गांव कोत्तापल्ली आजादी के 79 वर्ष बाद भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का इंतजार ...


thumb

खरीफ वर्ष 2026 के लिए बालोद जिले में खाद, बीज का किया गया पर्याप्त ...

भारत सरकार एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार कृषकों को गुणवत्तायुक्त एवं पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। कृषि विभाग ...


thumb

सुशासन तिहार: जरूरतमंद परिवार को मिला नया आशियाना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनकल्याण, संवेदनशील शासन और त्वरित समस्या समाधान का सशक्त माध्यम...


thumb

रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए सहायक ग्रेड-02 प्रदीप मिश्रा निलंबित

कार्यालय उप पुलिस अधीक्षक, एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी), बिलासपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसीबी/ईओडब्ल्यू इकाई बिलासपुर द्वारा भ्रष्टाचार निवारण...