दुर्ग जिले को जल्द ही एक नया अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मिलने जा रहा

Posted On:- 2026-06-16




रायपुर(वीएनएस)।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले को जल्द ही एक नया अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मिलने जा रहा है। जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और स्थानीय खिलाड़ियों को ग्लोबल लेवल की सुविधाएं देने के लिए जिला क्रीड़ांगन समिति की बैठक में एक बड़ा फैसला लिया गया है। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव और कलेक्टर सह समिति अध्यक्ष श्री अभिजीत सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम परिसर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई है।

33 वर्षों के लिए BCCI को लीज पर दी जाएगी जमीन

बैठक में तय प्रस्ताव के मुताबिक, वर्तमान परिसर में बने बैडमिंटन कोर्ट की जमीन को छोड़कर बाकी की पूरी भूमि छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) के माध्यम से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को सौंपने की तैयारी है। इसके लिए भूमि को 33 वर्ष की अवधि की लीज पर देने का एक औपचारिक प्रस्ताव अंतिम मंजूरी के लिए राज्य शासन को भेजा जा रहा है।

जर्जर रविशंकर स्टेडियम और मानस भवन ढहाए जाएंगे

परिसर के पुनर्विकास को गति देने के लिए समिति ने कड़े कदम उठाने का निर्णय लिया है।  वर्तमान में पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम और मानस भवन की इमारतें अत्यंत जर्जर और अनुपयोगी हो चुकी हैं। इन्हें ढहाकर (अपलेखन कर) नई खेल संरचना के लिए खाली जमीन तैयार की जाएगी। स्टेडियम परिसर में संचालित हो रही व्यावसायिक दुकानों को अनुबंध की शर्तों के तहत एक महीने का नोटिस देकर खाली कराया जाएगा। दुकानदारों की सुरक्षा निधि (सिक्योरिटी डिपॉजिट) का नियमानुसार समायोजन और भुगतान किया जाएगा। प्रस्तावित स्टेडियम के निर्माण में आड़े आ रहे सभी तरह के स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों और अवरोधों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक नोडल अधिकारी तय

स्टेडियम निर्माण और प्रशासनिक समन्वय को सुचारू रूप से चलाने के लिए महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। वित्तीय प्रबंधन को पारदर्शी और मजबूत बनाने के लिए जिला कोषालय अधिकारी को समिति का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जर्जर भवनों के अपलेखन, बीसीसीआई/छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ से तालमेल और निर्माण संबंधी विभागीय कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन अभियंता (EE) को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैडमिंटन कोर्ट का होगा विस्तार

डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (DMF) मद से निर्मित अत्याधुनिक बैडमिंटन कोर्ट के रखरखाव, बेहतर संचालन और खेल गतिविधियों के विस्तार के लिए इसे अब पूर्ण रूप से जिला क्रीड़ांगन समिति को हस्तांतरित करने पर सहमति बन गई है।

दुर्ग बनेगा छत्तीसगढ़ का नया स्पोर्ट्स हब

इस ऐतिहासिक फैसले पर खुशी जताते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से दुर्ग जिला छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख खेल केंद्रों में शुमार हो जाएगा। इससे हमारे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की आधुनिक सुविधाएं अपने घर पर ही मिल सकेंगी।



Related News
thumb

फोटो प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियों का ...

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा जशपुरनगर के रणजीता स्टेडियम के सा...



thumb

महराजबंध तालाब के किनारे अवैध कब्जे बंद, तालाब को पाटने पर होगी कार...

रायपुर में महराजबंध तालाब के किनारे हो रहे अवैध कब्जों को बंद कराया गया है। अवैध कब्जों को लेकर प्राप्त शिकायतों पर रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक-...


thumb

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया छत्तीसगढ़ महतारी और शहीद खोण्...

छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के अपने एक दिवसीय प्रवास पर भाटापारा पहुंचे।


thumb

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया छत्तीसगढ़ महतारी और शहीद खोण्...

छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के अपने एक दिवसीय प्रवास पर भाटापारा पहुंचे।