अमरीका को ईंट का जवाब पत्थर से दे रहा ईरान

Posted On:- 2026-07-13




तेहरान।खाड़ी क्षेत्र में होरमुज जलडमरूमध्य एक बार फिर इस संघर्ष का सबसे बड़ा रणक्षेत्र बन गया है। तेहरान ने दावा किया है कि उसने इस अहम समुद्री मार्ग को दोबारा बंद कर दिया है। इसका सीधा असर वैश्विक तेल बाजार पर दिखाई दे रहा है।

अमेरिका के ताजा हमलों के बाद ईरान ने जिस तरह "आंख के बदले आंख" की नीति अपनाते हुए खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर एक साथ कई हमले किए हैं, उसने पूरी दुनिया को नए युद्ध संकट के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया कि बहरीन और कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों, ओमान के राडार तंत्र तथा जार्डन के प्रिंस हसन वायुसेना अड्डे पर ईंधन और हथियार भंडार को निशाना बनाया गया। यह कार्रवाई अमेरिका द्वारा ईरान के वायु रक्षा तंत्र, तटीय राडार, मिसाइल और ड्रोन क्षमताओं तथा नौसैनिक ठिकानों पर किए गए हमलों के जवाब में की गई।

हम आपको बता दें कि हालात इतने विस्फोटक हो चुके हैं कि होरमुज जलडमरूमध्य एक बार फिर इस संघर्ष का सबसे बड़ा रणक्षेत्र बन गया है। तेहरान ने दावा किया है कि उसने इस अहम समुद्री मार्ग को दोबारा बंद कर दिया है। इसका सीधा असर वैश्विक तेल बाजार पर दिखाई दे रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है और दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति तथा महंगाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। जहाजों की आवाजाही भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार रविवार को केवल छह जहाज इस जलमार्ग से गुजर सके, जो पिछले पांच सप्ताह का सबसे निचला स्तर है। कई तेल टैंकरों ने अपनी पहचान बताने वाली प्रणाली तक बंद कर दी, जिससे समुद्री सुरक्षा को लेकर आशंकाएं और गहरी हो गई हैं।

इसी बीच, ईरान के रणनीतिक बंदरगाह बंदर अब्बास और समीप स्थित किश्म द्वीप के आसपास जोरदार धमाकों की खबरों ने तनाव को और बढ़ा दिया है। स्थानीय  समाचार माध्यमों के अनुसार विस्फोटों की आवाज दूर तक सुनी गई, हालांकि इनके कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं इस्फहान प्रांत में अमेरिकी हमले में एक व्यक्ति की मौत और कई अन्य के घायल होने की भी सूचना सामने आई है। पिछले सप्ताह से जारी जवाबी हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है और वास्तविक नुकसान का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है।

बहरीन ने भी स्वीकार किया है कि उसके वायु रक्षा तंत्र ने ईरान की ओर से दागी गई कई मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही मार गिराया। बहरीन का आरोप है कि ईरान ने नागरिक इलाकों को भी निशाना बनाने की कोशिश की। दूसरी ओर ईरान का कहना है कि वह केवल अमेरिकी सैन्य ढांचे को जवाब दे रहा है और उसके हर कदम का आधार प्रतिशोध है। इस घटनाक्रम ने साफ कर दिया है कि अब यह संघर्ष केवल दो देशों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरा खाड़ी क्षेत्र इसकी चपेट में आ चुका है।

उधर, ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका पर अपने वादे तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस्लामी गणराज्य ने समझौते की हर शर्त का पालन किया, लेकिन वॉशिंगटन ने अलग अलग बहानों से कई प्रावधानों का उल्लंघन किया। तेहरान ने दो टूक कहा कि कोई भी ईरान पर अपने वचन से मुकरने का आरोप नहीं लगा सकता। दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ संकेत दिया है कि युद्धविराम अब समाप्त हो चुका है। हालांकि उन्होंने बातचीत का दरवाजा पूरी तरह बंद नहीं किया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अमेरिकी हमले जारी रहेंगे। जवाब में ईरान के शीर्ष वार्ताकार ने चेतावनी दी कि एकतरफा समझौतों का दौर खत्म हो चुका है और अब हर विश्वासघात की कीमत चुकानी होगी।




Related News
thumb

अमेरिका ने ईरान के 140 सैन्य ठिकाने किए तबाह, तो ईरान ने यूएस जहाजो...

अमरीका और ईरान के बीच सैन्य तनाव चरम पर पहुँच गया है, जहाँ अमेरिकी सेना ने ईरान के 140 ठिकानों को नष्ट कर दिया है, वहीं ईरान ने जवाबी कार्रवाई में ...


thumb

मोनाको में भारतीय छात्रों ने 25 लाख का प्रिसं अल्बर्ट अवार्ड

कोयंबटूर के कुमारगुरु कॉलेज की टीम 'सी शक्ति' ने मोनाको एनर्जी बोट चैलेंज में 25 लाख रुपये का सर्वोच्च 'प्रिंस अल्बर्ट द्वितीय फाउंडेशन' पुरस्कार ज...


thumb

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जीएफएस गेलेक्सी शिप पर अटैक, 10 भारतीय सुरक्...

ईरान-अमेरिका के बढ़ते तनाव के बीच, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरानी हमले का शिकार हुए एक जहाज से 10 भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है,


thumb

3 सदियों का सफर पूरा, पीएम मोदी ने सुनाई गुरु गोविंद सिंह के 'जोड़े ...

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इन प्राचीन वस्तुओं की वैज्ञानिक रूप से पुष्टि करने और उन्हें रखने के लिए सही जगह तय करने के वास्ते, सिखों की ऐतिहासिक...


thumb

हमारा और भारत का डीएनए एक...भारत से बोला तालिबान, पाकिस्तान को लगी ...

तालिबान चाहता है कि भारत अफगानिस्तान को आधुनिक खेती की तकनीक, अच्छे और भरोसेमंद बीज, फलों की प्रोसेसिंग, कोल्ड स्टोरेज और कृषि उत्पादों की बेहतर पै...