अग्निपथ योजना को लेकर जल्द मिलेगी बड़ी खुशखबरी ! अग्निवीर के प्रथम बैच को लेकर तीनों सेनाओं ने दे दिया बड़ा संकेत

Posted On:- 2026-07-15




नई दिल्ली(वीएनएस)।यदि स्थायी भर्ती का प्रतिशत नहीं भी बढ़ाया जाता है, तब भी सेनाएं विशेष तकनीकी और विशेषज्ञ इकाइयों में अधिक अग्निवीरों को समायोजित करने की संभावना पर विचार कर रही हैं। इसके साथ ही हर वर्ष भर्ती की संख्या भी बढ़ाने की योजना है।

ऐसे समय में जब अग्निपथ योजना के तहत तैयार हुआ अग्निवीरों का पहला बैच अपनी चार वर्ष की सेवा अवधि पूरी करने वाला है, तब भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना ने भर्ती नीति में बड़े बदलाव का संकेत दिया है। तीनों सेनाओं ने अधिक संख्या में अग्निवीरों को स्थायी सेवा में शामिल करने का प्रस्ताव दिया है। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि चार वर्षों के दौरान इन युवा योद्धाओं ने अपने अनुशासन, पराक्रम, तकनीकी दक्षता और युद्ध कौशल से सेनाओं का पूरा भरोसा जीत लिया है। यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है तो भारत को आधुनिक युद्ध के लिए पहले से कहीं अधिक युवा, तेज, तकनीक आधारित और प्रहारक सैन्य शक्ति मिलेगी। इसका सीधा संदेश भारत के दुश्मनों के लिए है कि सीमा पर अब ऐसी नई पीढ़ी तैनात होने जा रही है जो किसी भी दुस्साहस का त्वरित और निर्णायक जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार होगी। भौगोलिकसंदर्भ

हम आपको बता दें कि मौजूदा व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक बैच के अधिकतम पच्चीस प्रतिशत अग्निवीरों को उनके प्रदर्शन और संगठन की आवश्यकता के आधार पर स्थायी सेवा में शामिल किया जा सकता है। अब नौसेना ने इस सीमा को बढ़ाकर 75 प्रतिशत तक करने का प्रस्ताव दिया है, जबकि सेना और वायुसेना ने इसे 50 प्रतिशत तक ले जाने की मांग रखी है। यह मांग अपने आप में इस बात का प्रमाण है कि चार वर्षों के प्रशिक्षण और सेवा के दौरान अग्निवीरों ने अपनी क्षमता, अनुशासन और युद्ध कौशल से सेनाओं का विश्वास जीता है।

सूत्रों के अनुसार रक्षा प्रतिष्ठान के भीतर इस प्रस्ताव पर गंभीर विचार चल रहा है। सैन्य मामलों के विभाग में इस पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि अभी तक सरकार या किसी भी सेना की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन यह स्पष्ट है कि प्रशिक्षित और अनुभवी मानव संसाधन को लंबे समय तक सेना में बनाए रखने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

यदि स्थायी भर्ती का प्रतिशत नहीं भी बढ़ाया जाता है, तब भी सेनाएं विशेष तकनीकी और विशेषज्ञ इकाइयों में अधिक अग्निवीरों को समायोजित करने की संभावना पर विचार कर रही हैं। इसके साथ ही हर वर्ष भर्ती की संख्या भी बढ़ाने की योजना है। पिछले वर्ष लगभग सत्तर हजार अग्निवीरों की भर्ती हुई थी, जबकि अगले भर्ती चक्र में यह संख्या बढ़कर लगभग नब्बे हजार तक पहुंच सकती है। इसका उद्देश्य सेना में अनुमानित एक लाख अस्सी हजार जवानों की कमी को दूर करना और युद्धक तैयारी को और मजबूत बनाना है।

हम आपको याद दिला दें कि अग्निपथ योजना की शुरुआत जून 2022 में की गई थी। इसका उद्देश्य देश के युवाओं को चार वर्षों के लिए सेना, नौसेना और वायुसेना में सेवा का अवसर देना था। साढ़े सत्रह वर्ष से 21 वर्ष तक के युवाओं के लिए यह योजना शुरू की गई, जबकि महामारी के कारण पहले भर्ती चक्र में अधिकतम आयु सीमा तेइस वर्ष तक बढ़ाई गई थी। भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद राज्यवार मेधा सूची तैयार की जाती है।

चार वर्षों की सेवा के दौरान अग्निवीरों को आधुनिक सैन्य प्रशिक्षण, अत्याधुनिक हथियारों का संचालन, तकनीकी दक्षता और वास्तविक सैन्य वातावरण में काम करने का अनुभव मिलता है। सेवा अवधि पूरी होने पर जो अग्निवीर स्थायी सेवा के लिए चयनित नहीं होते, उन्हें कर मुक्त सेवा निधि राशि, कौशल प्रमाणपत्र तथा विभिन्न सरकारी भर्तियों में प्राथमिकता जैसे अनेक लाभ दिए जाते हैं। इसके अलावा सेवा अवधि के दौरान 48 लाख रुपये का जीवन बीमा सुरक्षा कवच भी उपलब्ध कराया जाता है।

योजना की शुरुआत के समय इसे लेकर अनेक राजनीतिक विवाद भी हुए थे। नौकरी की सुरक्षा, पेंशन और भविष्य को लेकर कई सवाल उठाए गए। बिहार, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन हुए थे। अनेक विपक्षी नेताओं ने इस योजना की आलोचना की और युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता जताई। लेकिन आज तस्वीर बदल चुकी है। अब स्वयं तीनों सेनाएं अधिक अग्निवीरों को स्थायी सेवा में रखने की पक्षधर दिखाई दे रही हैं। इससे बड़ा प्रमाण और क्या हो सकता है कि जिस योजना पर सवाल उठाए गए थे, वही योजना अब भारतीय सैन्य शक्ति की नई रीढ़ बनती नजर आ रही है।





Related News
thumb

राम मंदिर चंदे की चोरी पर एसआईटी रिपोर्ट t: साख बचाने के लिए दबाया ...

सूत्रों के मुताबिक, इस रिपोर्ट में न सिर्फ़ राम मंदिर दान में हुई कथित चोरी के लिए सीधे तौर पर ज़िम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी, बल्कि उन अधिकारि...


thumb

नितिन गड़करी का मास्टर प्लान: भारत में चलेंगी फ्लाइंग बसें, ₹22 लाख...

समारोह में अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि जल्द ही, मैं फ्लाइंग बसें (उड़ने वाली बसें) शुरू करने जा रहा हूँ।एक तरफ जहां केंद्र...


thumb

मोदी कैबिनेट ने ले लिये बड़े फैसले, किसानों और नौजवानों को दी बड़ी ...

कैबिनेट ने मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (एमपीएमएस) को 62,500 करोड़ रुपये के बजटीय प्रावधान के साथ मंजूरी दी।


thumb

सतलुज फिल्म विवाद पर रवनीत की राय से क्यों इत्तेफाक नहीं रखते कई भा...

रवनीत सिंह बिट्टू ने स्पष्ट किया है कि सरकार पंजाब के हिंदू और सिख समाज के बीच सदियों पुराने विश्वास और भाईचारे को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने ...


thumb

राम मंदिर दान चोरी के बाद अब माता वैष्णो मंदिर में चढ़ाई गई चांदी प...

मामले की शुरुआत तब हुई जब इस वर्ष मई में माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने करीब बीस टन चांदी को मानक प्रक्रिया के तहत गलाने और सुरक्षित रखने के लिए ...