मॉनसून सत्र: संसद में गतिरोध जारी, पांचवें दिन भी विधायी कामकाज ठप, नीट पर बवाल

Posted On:- 2026-07-24




नई दिल्ली(वीएनएस)।मॉनसून सत्र के पांचवें दिन संसद के दोनों सदनों में NEET पेपर लीक मामले और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित रही। लगातार बाधित हो रहे विधायी कामकाज से सदन की उत्पादकता प्रभावित हुई, जिससे अहम चर्चाएँ और सत्र के उद्देश्य पीछे छूट रहे हैं।

इस हफ़्ते के ट्रेंड को जारी रखते हुए, शुक्रवार को मॉनसून सत्र के पांचवें दिन संसद में बार-बार कार्यवाही स्थगित हुई और हंगामा हुआ। विपक्षी सांसद NEET पेपर 'लीक' मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े पर पूरी चर्चा की मांग कर रहे थे। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई और अब वे सोमवार सुबह 11 बजे फिर से मिलेंगे। वहीं, आज दोनों सदनों में कारगिल  युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। 

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से अपील की कि वे NEET पेपर 'लीक' मामले पर लोकसभा में बहस होने दें। उन्होंने कहा कि विपक्ष का कोई भी बहाना देश में गलत संदेश देगा। हालांकि, कांग्रेस और विपक्षी दलों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर जोर देना जारी रखा। पिछले पांच दिनों में लोकसभा में कोई खासी विधायी कामकाज नहीं हो सका तथा प्रश्नकाल और शून्यकाल भी नहीं चल सके। सदन की बैठक शुक्रवार सुबह शुरू होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 26 जुलाई को मनाए जाने वाले कारगिल विजय दिवस का उल्लेख किया। इसके बाद सदन ने कारगिल संघर्ष में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सशस्त्र बलों के जवानों को मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। समयऔर कैलेंडर

श्रद्धांजलि के बाद विपक्षी सदस्य नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई सहित विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों से प्रश्नकाल चलने देने की अपील करते हुए कहा कि प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद उन्हें अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा। हालांकि, विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहने पर उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। बाद में भी यह हंगामा जारी रहा जिसके बाद कार्यवाही दोपहर 12 बजकर 13 मिनट पर सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। 

राज्यसभा की कार्यवाही

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद ही नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले पर चर्चा करने की मांग कर रहे विपक्षी सदस्यों और इसका विरोध कर रहे सत्ता पक्ष के सदस्यों के हंगामे के कारण शुक्रवार को राज्यसभा की बैठक दो बार के स्थगन के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। हंगामे की वजह से आज भी उच्च सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाया। दो बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे बैठक शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद ही नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले पर चर्चा करने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उप सभापति हरिवंश ने कहा कि राष्ट्र गौरव अपमान निवारण (संशोधन अधिनियम) विधेयक 2026 को पेश किया जाना है जो आज के कामकाज की सूची में सूचीबद्ध है। विधेयक का उद्देश्य राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् को वही वैधानिक संरक्षण प्रदान करना है, जो वर्तमान में राष्ट्र गान ‘जन गण मन को प्राप्त है। 

हंगामे के बीच उन्होंने कहा कि चार दिन बीत चुके हैं और अभी तक कोई विधायी कामकाज नहीं हो पाया है। उन्होंने गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से राष्ट्र गौरव अपमान निवारण (संशोधन अधिनियम) विधेयक 2026 पेश करने को कहा। राय ने सदन में चर्चा करने और पारित करने के लिए यह विधेयक पेश किया। विपक्षी सदस्यों, विशेषकर वाम दलों के सदस्यों ने विधेयक पेश किए जाने का विरोध किया। हालांकि, ध्वनिमत से इस विधेयक को सदन में पेश कर दिया गया। इसके बाद उपसभापति ने विधेयक पर चर्चा शुरू कराने का प्रयास किया, लेकिन विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।



Related News

thumb

कांग्रेस के इमरान मसूद ने सोनम वांहचुक को बताया 'दूसरा अऩ्ना', BJP ...

नीट पेपर लीक मामले पर सोनम वांगचुक का अनशन समाप्त होने के बाद राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने वांगचुक पर सरकार से 'निजी...


thumb

जंतर मंतर पर निगरानी को हाई कोर्ट में चुनौती, केंद्र बोला-कानून व्य...

केंद्र सरकार ने वीडियोग्राफी को सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक वैध उपाय बताते हुए इसका बचाव किया। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय औ...


thumb

नीट-एनटीेए विवाद:सुप्रीम कोर्ट रखेगा सिस्टम के सुधार पर बारीक नज़र,...

NTA के कामकाज में ढांचागत समस्याओं को लेकर यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट और FAIMA डॉक्टर्स एसोसिएशन की ओर से दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए, जस्टिस पीए...


thumb

व्यवस्था में होगा सुधार, पद छोड़ना नहीं है समाधान,पूरी पार्टी धर्मे...

जनता ने हमें जनादेश दिया है काम करने के लिए, और हम काम करके दिखाएंगे-भागेंगे नहीं। सूत्रों के अनुसार, सरकार का मानना है कि इस्तीफा देना और जिम्मेदा...