कबीरधाम में चेन स्नेचिंग गैंग का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

Posted On:- 2026-08-06




कवर्धा (वीएनएस)। कबीरधाम पुलिस ने बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज झपटमारी के पांच मामलों का खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और घटना में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल, डीएसपी मुख्यालय आशीष शुक्ला तथा एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में साइबर थाना और थाना पिपरिया की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

दो महीने से सक्रिय था गिरोह
पुलिस के अनुसार, पिछले करीब दो महीनों से जिले में अकेली बुजुर्ग महिलाओं के गले से सोने-चांदी के आभूषण झपटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इन मामलों में थाना पिपरिया, थाना पांडातराई और चौकी पौड़ी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी।

तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों नैनदास बंजारे, मनोज जांगड़े और राधेलाल चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
आरोपियों ने बताया कि वे पहले गांवों में जाकर बुजुर्ग महिलाओं की गतिविधियों पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही मुंह ढंककर मोटरसाइकिल से पहुंचते और अकेली महिलाओं के गले से सोने-चांदी के आभूषण झपटकर फरार हो जाते थे।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि लूटे गए आभूषणों को नितीश बंसे, खेलन डहरिया और बबला डहरिया को बेच दिया जाता था। इसके बाद पुलिस ने इन तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

3.41 लाख रुपये का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन मोटरसाइकिल, करीब छह ग्राम सोने के आभूषण और एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 3.41 लाख रुपये बताई गई है।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में नैनदास बंजारे (23), मनोज जांगड़े (22), राधेलाल चतुर्वेदी (23), बबला डहरिया (28), खेलन डहरिया (25) और नितीश बंसे (25) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी चौकी पौड़ी थाना बोडला क्षेत्र के बैहरसरी गांव के निवासी हैं।

साइबर टीम की अहम भूमिका
मामले के खुलासे में साइबर सेल के निरीक्षक उमाशंकर राठौर, थाना पिपरिया के प्रभारी निरीक्षक नितिन तिवारी, थाना पांडातराई के निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला, चौकी पौड़ी प्रभारी लक्ष्मीनारायण साव सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



Related News
thumb

स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को जिले में उल्लास महा चौपाल कार्यक्रम ...

कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अं...


thumb

मेरा युवा भारत: दो दिवसीय मेगा पंजीकरण शिविर संपन्न

मेरा युवा भारत के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर में 5 एवं 6 अगस्त को “मेरा युवा भारत” (माय भार...


thumb

लोक कलाकारों के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए राज्य सरकार पूरी ...

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश की समृद्ध लोक कला, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए न...


thumb

किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में मिले खाद व गुणवत्तायुक्त बीज,...

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने गुरुवार को जिले में कृषि व्यवस्थाओं का जायजा लेने खाद भण्डारण केंद्र ट्रांसपोर्ट नगर, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि वि...


thumb

"डिजिटल न्याय वितरण प्रणाली की नई गति : ‘मीडिएशन 3.0’, ‘न्याय श्रुत...

न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा दिनांक 02 अगस्त 2026 को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला "Strengt...


thumb

जिले में अब तक 502.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

जिले में 1 जून 2026 से 06 अगस्त 2026 तक 502.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। कार्यालय कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से अ...