धमतरी (वीएनएस)। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी सेवा शर्तों एवं शासन के प्रचलित निर्देशों के अनुरूप जिला पंचायत धमतरी ने मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए स्वर्गीय भूपेन्द्र देवांगन की पुत्री सुश्री गायत्री देवांगन को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। उनके पिता के निधन के तीन माह से भी कम समय में नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्ण कर उन्हें पंचायत सचिव (कर्मी) के पद पर नियुक्ति आदेश सौंपा गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने जिला पंचायत कार्यालय में सुश्री गायत्री देवांगन को नियुक्ति आदेश प्रदान किया।
स्वर्गीय भूपेन्द्र देवांगन जनपद पंचायत नगरी अंतर्गत ग्राम पंचायत खम्हरिया में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनका 04 मई 2026 को हृदयगति रुकने से निधन हो गया था। सेवा अवधि में उनकी लगभग आठ वर्ष की अवधि शेष थी। उनके आकस्मिक निधन से परिवार के सामने उत्पन्न आर्थिक एवं सामाजिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए शासन के प्रावधानों के तहत उनकी पुत्री सुश्री गायत्री देवांगन को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है।
सुश्री गायत्री देवांगन को दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर अस्थायी रूप से जनपद पंचायत नगरी में पदस्थ किया गया है। नियुक्ति के बाद उन्हें दो माह की उन्मुखीकरण अवधि में जनपद पंचायत नगरी में कार्य करने का अवसर दिया गया है। इस दौरान वे पंचायत सचिव के दायित्वों, पंचायतों के प्रशासनिक कार्यों तथा शासन की विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की कार्यप्रणाली से परिचित होंगी। उन्मुखीकरण अवधि पूर्ण होने के बाद संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा रिक्त ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव के आधार पर उनकी पदस्थापना की जाएगी।
नियुक्ति शासन द्वारा निर्धारित सेवा शर्तों एवं नियमों के अधीन होगी। परिवीक्षा अवधि के दौरान उनके कार्य, व्यवहार एवं आचरण का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा। नियुक्ति आदेश के अनुसार सुश्री देवांगन को पांच दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में नियुक्ति आदेश स्वतः निरस्त माना जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत के जिला लेखाधिकारी चंदन टंडन एवं उपसंचालक पंचायत नकुल प्रसाद वर्मा उपस्थित थे।
अनुकंपा नियुक्ति के माध्यम से परिवार के एक सदस्य को रोजगार का अवसर प्रदान कर उसे आर्थिक संबल उपलब्ध कराना शासन की संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सुश्री गायत्री देवांगन को उनके पिता की शासकीय सेवा के दायित्वों से जुड़े परिवार को उपलब्ध इस अवसर से भविष्य में अपने परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने में सहयोग मिलेगा।
आगामी जन्माष्टमी एवं गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए...
युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पोषण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज स्वर्गीय छोटेला...
अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत धमतरी जिले में इस वर्ष छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए 3 हजार से अधिक आवेदन प्रस्तुत किए गए हैं।...
जिले के नगरी विकासखंड के ग्राम गुहनानाला के किसान बंसी लाल सोरी द्वारा पीढ़ियों से संरक्षित स्थानीय एवं पारंपरिक ‘चिरपोटी टमाटर’ किस्म को पौधा किस...
नेपाल बाढ़ आपदा प्रभावितों के लिए कलेक्टर के अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर कलेक्टोरेट में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में...