आंगन मिलन उत्सव में शामिल हुए विधायक दीपेश साहू, गर्भवती माताओं की हुई गोद भराई और बच्चों का हुआ अन्नप्राशन

Posted On:- 2026-10-07




जमीन पर बैठकर बच्चों के साथ किया नेवता भोज, पोषण और अपनत्व का दिया संदेश

बेमेतरा (वीएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान 2026 एवं 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आज बेमेतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 17/2 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास पर दिया जोर

कार्यक्रम के दौरान विधायक दीपेश साहू ने मातृशक्ति, नन्हे-मुन्ने बच्चों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र ही बच्चों के जीवन की प्रथम पाठशाला है।

इस अवसर पर गर्भवती माताओं पुष्पा सिन्हा एवं देवांशी शर्मा का विधि-विधान से गोद भराई संस्कार संपन्न कराया गया। वहीं कुमारी पूजा नेताम एवं हूमेश्वरी साहू के नन्हे बच्चों का पारंपरिक अन्नप्राशन संस्कार कराकर उनके स्वस्थ जीवन की कामना की गई।

जमीन पर बैठकर नेवता भोज बना आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में आयोजित नेवता भोज विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विधायक दीपेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा एवं अन्य अतिथियों ने प्रोटोकॉल छोड़कर आंगनबाड़ी केंद्र में जमीन पर बैठकर नन्हे बच्चों, माताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया। अतिथियों का बच्चों के साथ इस तरह जमीन पर बैठकर भोजन करना समानता और अपनत्व का अनूठा संदेश दे गया।

नेवता भोज अपनत्व और पोषण का संदेश - विधायक दीपेश साहू

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि नेवता भोज केवल साथ बैठकर भोजन करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि बच्चों के साथ अपनत्व, समानता और सामाजिक सहभागिता का भाव मजबूत करने का माध्यम है। जब समाज के लोग बच्चों के साथ बैठकर भोजन करते हैं, तो उनमें आत्मविश्वास और अपनापन बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और गर्भवती माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। समाज के सभी वर्ग यदि इन प्रयासों से जुड़ें तो कुपोषण के खिलाफ हमारी लड़ाई और मजबूत होगी। स्वस्थ माँ और सुपोषित बच्चा ही सशक्त परिवार और विकसित समाज की नींव है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।

हर आंगन में पोषण और हर बच्चे के चेहरे पर मुस्कान हो : विजय सिन्हा

नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं माताओं को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सेवाएं मिल रही हैं। नेवता भोज जैसे आयोजन समाज और बच्चों के बीच आत्मीय संबंध को मजबूत करते हैं। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हर माँ स्वस्थ रहे, हर बच्चा सुपोषित रहे और बेमेतरा कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़े।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजय साहू, हर्षवर्धन तिवारी, पार्षद गौरव साहू, सोनू साहू, परियोजना अधिकारी मनोरमा साहू, रजनी पाण्डेय, घनश्याम देवांगन सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, जनप्रतिनिधि, गर्भवती माताएं एवं नन्हे-मुन्ने बच्चे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में गोद भराई, अन्नप्राशन एवं नेवता भोज के माध्यम से मातृशक्ति के सम्मान, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं कुपोषण मुक्त बेमेतरा के संकल्प को मजबूती प्रदान की गई।



Related News
thumb

कुआँकोंडा में छात्राओं को मिली साइकिल, शिक्षा के प्रति बढ़ा उत्साह

सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुआँकोंडा में विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता ‘मेरे सपनों का भारत’ क...


thumb

आगामी पर्व के मददेनजर मिष्ठान व खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य विभाग ...

खाद्य एवं औषधि प्रशासन से जारी विज्ञप्ति अनुसार आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले के समस्त खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई दुकानों का सतत् एवं स...


thumb

रीना लेखाम ने महतारी वंदन योजना से बदली अपनी जिंदगी

ग्राम पंचायत फूलपाड़, डोगरी पारा की रहने वाली रीना लेखाम एक मेहनती और आत्मनिर्भर महिला हैं। पहले वे घरेलू कार्यों तक ही सीमित थीं, लेकिन महतारी वंद...


thumb

नर्सरी व्यवसाय से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ती ग्राम चितालूर की अनिता ठ...

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में स्व-सहायता समूह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


thumb

पीएम स्वनिधि योजना : ई-रिक्शा से जूता-चप्पल की दुकान का संचालन कर ब...

सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने छोटे व्यवसाय से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है...


thumb

पक्का आवास बना खुशियों का आशियाना, चमेली नागेश के जीवन में आई नई खु...

सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना ने इस सपने को साकार करने में अनेक परिवारों को सहारा दिया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए ...