जशपुर (वीएनएस)। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में बच्चे की कथित खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, एक महिला ने अपने बच्चे को बिचौलिये के माध्यम से पश्चिम बंगाल निवासी एक व्यक्ति को 1 लाख 80 हजार रुपये में बेच दिया था। मामले की जांच करते हुए कुनकुरी पुलिस पश्चिम बंगाल पहुंची और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। प्रकरण में बच्चे की मां सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
अगस्त में दर्ज हुई थी शिकायत
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त को कुनकुरी की ब्लॉक कॉलोनी निवासी लक्ष्मी बाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पुत्र शंकर चौहान को पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। शंकर चौहान, यशोदा यादव के साथ रहता था। यशोदा ने 18 दिसंबर 2025 को बच्चे को जन्म दिया था, जिसे कथित तौर पर मार्च 2026 में बेच दिया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 81 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(4) व 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बिचौलिये के जरिए पश्चिम बंगाल पहुंचा बच्चा
जांच के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी सुकरू आलम उर्फ बंगाली (43) को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसकी पहचान कुनकुरी में यशोदा यादव से हुई थी और उसी के माध्यम से बच्चा पश्चिम बंगाल निवासी शेख अलविन तक पहुंचाया गया।
इसके बाद डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम पश्चिम बंगाल भेजी गई। वहां शेख अलविन (52) को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि मार्च 2026 में उसने बच्चे को 1 लाख 80 हजार रुपये में खरीदकर अपनी बेटी को दे दिया था।
पश्चिम बंगाल से सुरक्षित बरामद हुआ बच्चा
पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल से बच्चे को बरामद कर सुरक्षित संरक्षण में लिया। पुलिस के मुताबिक, बरामद बच्चे की उम्र वर्तमान में करीब 9 से 10 महीने है। बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में सुकरू आलम उर्फ बंगाली, शेख अलविन, निर्मला तिर्की, फूलकुंवारी यादव और बच्चे की मां यशोदा यादव को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15, ट्रांसपोर्ट नगर में 105.85 लाख रुपए की लागत से बनने वाली ...
छत्तीसगढ़ के दूरस्थ वनांचलों तक शासन की योजनाओं और नागरिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
श्विक हाथ धुलाई दिवस की पूर्व संध्या पर सुधा सोसाइटी फाउंडेशन ने 14 अक्टूबर को अमसेनी स्थित सुधा ओपन स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उच्च शिक्षा के लिए अधोसंरचना मजबूत करने की दिशा में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय ...
छत्तीसगढ़ में यात्री बसों से सफर करने वालों को अब ज्यादा किराया देना होगा। राज्य सरकार ने साधारण, डीलक्स, स्लीपर और वातानुकूलित सुपर लग्जरी बसों के...