कायाकल्प कार्यक्रम के तहत बीजापुर के आयुष औषधालयों का निरीक्षण

Posted On:- 2026-11-10




बीजापुर (वीएनएस)। जिले में आयुष चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आयुष विभाग की ओर से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। 

इसी क्रम में संचालनालय आयुष विभाग रायपुर द्वारा जनस्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित कायाकल्प कार्यक्रम के तहत जिले के स्पेशियलिटी क्लिनिक, जिला चिकित्सालय बीजापुर एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर तुमनार का चयन उच्च स्तरीय मापदण्डों के आधार पर मूल्यांकन हेतु किया गया। संचालनालय रायपुर की निरीक्षण टीम द्वारा दोनों आयुष संस्थानों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

निरीक्षण के दौरान कायाकल्प समिति द्वारा विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्र में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर तुमनार की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। टीम ने वहां पदस्थ चिकित्सक डॉ. मधुबाला रामटेके एवं अन्य कर्मचारियों से संवाद कर राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी ली। साथ ही औषधालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, आवश्यक उपकरणों एवं अभिलेखों के संधारण का निरीक्षण किया।

स्वच्छता एवं औषधीय उद्यान की बेहतर व्यवस्था की सराहना- निरीक्षण टीम ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर तुमनार में साफ-सफाई एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं पर प्रसन्नता व्यक्त की। औषधालय परिसर में विकसित आयुष गार्डन में विभिन्न आयुर्वेदिक औषधीय पौधों का रोपण कर उनके नाम एवं पहचान संबंधी नेम प्लेट लगाए जाने की सराहना की गई। औषधीय उद्यान को आम नागरिकों के अवलोकन एवं आयुर्वेदिक औषधियों की जानकारी के लिए व्यवस्थित रूप से विकसित किया गया है। इसके अतिरिक्त औषधालय में स्टाफ उपस्थिति, आयुषदीप समिति की बैठकों, रोगियों की संख्या एवं अन्य आवश्यक पंजीयों का सुव्यवस्थित संधारण पाया गया। निरीक्षण के दौरान स्टेथोस्कोप, रक्तचाप मापक यंत्र, ऊंचाई मापने के उपकरण सहित अन्य आवश्यक चिकित्सकीय उपकरण उपलब्ध पाए गए। साथ ही स्वच्छ पेयजल, बिजली, स्वच्छ शौचालय एवं स्नानघर, किचन, सौर ऊर्जा व्यवस्था तथा आवश्यक औषधियों की उपलब्धता निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप पाई गई। कायाकल्प निरीक्षण टीम ने औषधालय की बेहतर व्यवस्थाओं एवं सेवाओं के लिए चिकित्सक तथा कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही आगामी वर्ष में जिले के अन्य आयुष औषधालयों को भी इसी प्रकार उन्नत एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं का हो रहा विस्तार- जिले में नक्सलवाद के उन्मूलन के पश्चात शांति एवं विकास के नए वातावरण में आयुष विभाग द्वारा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग का उद्देश्य जिले के सभी आयुष औषधालयों का उन्नयन कर ग्रामीणों को पारंपरिक भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद का लाभ उपलब्ध कराना है। इसके लिए आयुष चिकित्सकों के माध्यम से आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत वृद्धजनों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए वयोमित्र, सियान जतन एवं ऋतुचर्या जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से वृद्धजनों को ऑस्टियोआर्थराइटिस एवं मस्कुलोस्केलेटल विकारों सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी प्रकार एनपीसीडीसीएस कार्यक्रम के अंतर्गत मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं कैंसर जैसी गैर-संचारी बीमारियों की स्क्रीनिंग कर मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय सलाह प्रदान की जा रही है।

स्कूलों में आयुर्वेद एवं योग के प्रति बढ़ाई जा रही जागरूकता- आयुष विभाग द्वारा आर्युविद्या कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में विद्यार्थियों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है। आयुष चिकित्सकों द्वारा विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, दिनचर्या, ऋतुचर्या, रक्ताल्पता से बचाव, घरेलू औषधीय उपायों एवं स्वास्थ्य संरक्षण के संबंध में जानकारी दी जा रही है। इसके अतिरिक्त जिले के चिन्हांकित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से 9 स्थानों पर स्कूलों एवं आश्रमों में नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है। योग गतिविधियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 

जिला आयुष विभाग द्वारा राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के माध्यम से जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। कायाकल्प कार्यक्रम के माध्यम से आयुष संस्थानों की गुणवत्ता में सुधार तथा आयुर्वेद एवं योग के व्यापक प्रचार-प्रसार से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिल रही है।




Related News
thumb

ग्राम मिन्कापल्ली के तसर पालकों को मिली 42 हजार रुपये की सब्सिडी

जिले में तसर रेशम पालन को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण हितग्राहियों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिन्कापल्ली तसर केंद्र के हितग्राहियों को ...


thumb

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सु...

कलेक्टर विश्वदीप ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति एवं आगामी धान खरीदी...


thumb

धान खरीदी में अनियमितता और लापरवाही पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, आठ...

जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और जवाबदेह बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में खरीफ विप...


thumb

कलेक्टर मिश्रा ने जिला कोषालय के मुद्रांक भंडार एवं स्ट्रांग रूम का...

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय परिसर स्थित जिला कोषालय के मुद्रांक भंडार एवं स्ट्रांग रूम का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण क...


thumb

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 16 यात्रियों का जत्था अमृतसर त...

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के 16 यात्रियों का जत्था अमृतसर तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुआ। स्वास्थ्य एव...