ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलाया हाथ, 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' सभी 403 सीटों पर उतारेगा उम्मीदवार

Posted On:- 2026-11-12





लखनऊ(वीएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों नेताओं ने अपने नए गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया है। गुरुवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने इसकी घोषणा की। गठबंधन ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह मोर्चा 2027 में उत्तर प्रदेश की सत्ता में बदलाव लाने का काम करेगा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए विपक्षी दलों के बीच बड़े गठबंधन की जरूरत बताई। साथ ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी इस मोर्चे में शामिल होने का न्योता दिया। चंद्रशेखर बोले- यह तीसरा मोर्चा नहीं, सामाजिक बदलाव की पहल है
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा कोई तीसरा मोर्चा नहीं है, बल्कि समाज में बदलाव लाने के उद्देश्य से बनाया गया गठबंधन है। उन्होंने कहा कि यह मोर्चा आने वाले समय में और मजबूत होगा तथा वंचित, शोषित, पीड़ित और हाशिए पर रहने वाले वर्गों के लोगों को एकजुट करेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया गया और बहुजन महापुरुषों के नाम पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं मिलती। उनके मुताबिक, प्रदेश में मूर्तियां तोड़े जाने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
चंद्रशेखर ने कहा कि लंबे समय से वंचित समुदायों को गरीबी, जातिगत हिंसा और अत्याचार से मुक्ति दिलाने के वादे किए जाते रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। सरकारें बदलती रहीं और घोषणाएं होती रहीं, लेकिन बहुजन समाज आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।
ओवैसी बोले- बीजेपी को रोकने के लिए मजबूत होगा गठबंधन
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन को लेकर कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दबे-कुचले वर्गों के लोगों को अब तक केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया है।
ओवैसी ने प्रदेश में बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के भविष्य को लेकर पर्याप्त काम नहीं किया है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे का मुख्यमंत्री चेहरा बनाने की बात भी कही। गठबंधन की ओर से 26 नवंबर को एक बैठक आयोजित करने की जानकारी दी गई है।
ओवैसी ने कहा कि उनका उद्देश्य उत्तर प्रदेश की जनता के साथ मिलकर इंसाफ की लड़ाई को आगे बढ़ाना और भविष्य की राजनीति करना है।
सपा और कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने का न्योता
चंद्रशेखर आजाद ने बीजेपी को चुनाव में हराने के लिए विपक्षी दलों के एकजुट होने की जरूरत बताई। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से सामाजिक परिवर्तन मोर्चे में शामिल होने की अपील की। उनका कहना था कि विपक्षी दलों के बीच एक बड़ा गठबंधन बनता तो बीजेपी के खिलाफ मजबूत लड़ाई लड़ी जा सकती थी, लेकिन कुछ नेताओं के अहंकार के कारण ऐसा नहीं हो पाया।
गिरिराज सिंह पर ओवैसी का तंज, जवानों की शहादत का उठाया मुद्दा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर भी टिप्पणी की। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उन्हें फिलहाल अस्पताल में अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए। इसके साथ ही ओवैसी ने बीजेपी नेताओं से जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में शहीद हुए दो जवानों के बारे में बात करने की अपील की।
वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि किसी को भी राष्ट्रभक्ति का प्रमाण देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि देश और सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित क्यों नहीं हो पा रही है।
2027 के चुनाव में नए राजनीतिक समीकरण बनाने की तैयारी
उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान के साथ सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति के संकेत दे दिए हैं। अब देखना होगा कि इस गठबंधन को प्रदेश में कितना जनसमर्थन मिलता है और सपा-कांग्रेस की ओर से इसमें शामिल होने के न्योते पर क्या प्रतिक्रिया आती है।



Related News
thumb

हैप्पी दिवाली, सैम भाई, 'गुजराती दोस्त' कहे जाने के बाद पीएम मोदी क...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा और उनकी पत्नी को दिवाली तथा गुजराती नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इससे पहले पित्रोदा ने उन्हें ...


thumb

यूएस और चीन से बेहतर संभलेगा भारत का कर्ज, मजबूत रहेगा प्राइमरी बैल...

मूडीज रेटिंग्स के अनुसार, भारत और इंडोनेशिया जैसी अर्थव्यवस्थाओं के दम पर उभरते बाजारों में 2026 तक आर्थिक वृद्धि दर स्थिर बनी रहेगी।


thumb

मानव कल्याण के लिए जैव विविधता, पारिस्थितिकी, पशु स्वास्थ्य और पर्य...

भागवत ने कहा कि मानव कल्याण के लिए जैव विविधता, पारिस्थितिकी, पशु स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण बहुत जरूरी हैं। उन्होंने ऐसी जीवनशैली अपनाने पर जोर...


thumb

महिला आरक्षण बिल : संसद का विशेष सत्र बुलाने की तैयारी, 361 वोटों क...

केंद्र सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की योजना बना रही है। इसके तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा सीटों को बढ़ाक...


thumb

दीवाली मिलन में पीएम मोदी बोले-'2047 का इंतजार मत कीजिए, छोटे-छोटे ...

बीजेपी में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए, मोदी ने 1990 के दशक का एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे अचानक पत्रकारों का एक समूह पार्टी...