दिसंबर में 0.25% बढ़ सकता है रेपो रेट, 5.75% तक पहुंचने का अनुमान

Posted On:- 2026-11-13




नई दिल्ली (वीएनएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) दिसंबर की बैठक में रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत यानी 25 आधार अंकों की बढ़ोतरी कर सकती है। एसबीआई रिसर्च की एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, 0.50 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। मौजूदा 5.50 प्रतिशत रेपो रेट बढ़कर 5.75 प्रतिशत हो सकती है।

खुदरा महंगाई दर ने बढ़ाई चिंता
सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई है। नई सीरीज लागू होने के बाद यह पहला मौका है, जब महंगाई दर आरबीआई के निर्धारित 2 से 6 प्रतिशत के दायरे से ऊपर निकली है।

एसबीआई रिसर्च का अनुमान है कि महंगाई दर अगले महीने भी 6 प्रतिशत से ऊपर रह सकती है। इसके बाद इसमें गिरावट आने की संभावना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि महंगाई, रुपये और वैश्विक दबावों में कमी के संकेत मिलने लगे हैं।

एफआईआई निवेश और कच्चे तेल से राहत की उम्मीद
रिपोर्ट के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर निवेशकों की धारणा में सुधार से भारत का सापेक्ष मूल्यांकन बेहतर हुआ है। इससे विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का निवेश बढ़ने की उम्मीद है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 6 नवंबर से अब तक एफआईआई निवेश करीब 7.65 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है।

इसके अलावा, अमेरिका-ईरान संघर्ष में तनाव कम होने की संभावनाओं से कच्चे तेल की कीमतों को लेकर भी परिदृश्य बेहतर हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी चुनावों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में 11 प्रतिशत की गिरावट आई है और इनके औसतन 87 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहने का अनुमान है।

अमेरिकी और भारतीय बॉन्ड यील्ड पर भी अनुमान
एसबीआई रिसर्च का मानना है कि अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में और नरमी आ सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड 4.75 प्रतिशत के स्तर की ओर जा सकती है।

भारत में 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड के 6.75 से 7 प्रतिशत के दायरे में रहने का अनुमान है। हालांकि, इसमें अब गिरावट का रुझान दिखाई देने की बात रिपोर्ट में कही गई है।

टर्मिनल रेपो रेट 6% के आसपास रह सकता है
एसबीआई रिसर्च के मुताबिक, पहले लगातार तीन से चार बार ब्याज दरें बढ़ाए जाने की जो आशंकाएं थीं, वे अब काफी हद तक कमजोर पड़ती दिख रही हैं। रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि टर्मिनल रेपो रेट 6 प्रतिशत के आसपास स्थिर हो सकता है। इसके 5.75 प्रतिशत तक नीचे आने की संभावना भी जताई गई है। रिपोर्ट ने दोनों संभावनाओं के लिए 50-50 प्रतिशत का अनुमान दिया है।

रिपोर्ट में फरवरी में फिर से ब्याज दरें बढ़ाने को उचित नहीं माना गया है, खासकर इसलिए क्योंकि उस समय केंद्रीय बजट आने वाला है। एसबीआई रिसर्च के अनुसार, दिसंबर में 25 आधार अंकों की संभावित बढ़ोतरी के बाद मौद्रिक नीति के अगले फैसले पूरी तरह आर्थिक आंकड़ों और परिस्थितियों पर निर्भर कर सकते हैं।



Related News
thumb

महँगी हुई CNG, 1.50 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी

मुंबई और आसपास के महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में रहने वाले लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने रविवार से कंप्रेस्ड ने...


thumb

महंगाई ने बढ़ाई चिंता: अक्टूबर में खुदरा दर 6.09% पहुंची, प्याज के ...

देश में खुदरा महंगाई दर अक्टूबर 2026 में बढ़कर 6.09 प्रतिशत (प्रोविजनल) पर पहुंच गई है। सितंबर में यह 5.54 प्रतिशत (फाइनल) दर्ज की गई थी


thumb

हिमाचल के 12 गांव जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए अपना रहे नए तरीके

जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों के बीच हिमाचल प्रदेश के गांव अपने स्तर पर अनुकूलन के प्रयास कर रहे हैं।


thumb

जलवायु लक्ष्यों के लिए 10 अरब डॉलर से जुटेंगे 50 अरब डॉलर: CEEW-टाट...

भारत को 2030 तक बिजली, उद्योग और परिवहन क्षेत्रों में कम कार्बन उत्सर्जन वाली तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए करीब 500 अरब डॉलर के निवेश की जरूरत होगी।


thumb

AI सुरक्षा पर OpenAI सख्त, उन्नत मॉडल्स की ट्रेनिंग से हटाया लाइव इ...

अमेरिकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI ने अपने सबसे उन्नत AI मॉडल्स की ट्रेनिंग के दौरान लाइव इंटरनेट एक्सेस पर रोक लगाने का फैसला किया है