रायपुर (वीएनएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में रेल पटरियों के रखरखाव और संरक्षित रेल परिचालन को मजबूत करने के लिए 92 आधुनिक ट्रैक मशीनों की मदद ली जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक रेलवे ने 4,732 किलोमीटर प्लेन ट्रैक टैंपिंग और 1,918 टर्नआउट टैंपिंग का कार्य पूरा किया है। इसके अलावा 216 किलोमीटर रेल पथ की डीप स्क्रीनिंग भी की गई है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का नेटवर्क लगभग 5,500 ट्रैक किलोमीटर में फैला है। इस पर प्रतिदिन 400 से अधिक यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन होता है। रेलवे के अनुसार, इतने बड़े नेटवर्क पर सुरक्षित और निर्बाध परिचालन बनाए रखने के लिए पटरियों की लाइनिंग, लेवलिंग, अलाइनमेंट और बैलास्ट की गुणवत्ता का नियमित रखरखाव जरूरी है।
92 मशीनों के संचालन में लगे 900 कर्मचारी
रेलवे में फिलहाल सीएसएम, ड्योमैटिक, एमपीटी, यूनिमेट, बीसीएम, एफआरएम, पीक्यूआरएस, टी-28, बीआरएम, डीजीएस और यूटीवी सहित 92 आधुनिक ट्रैक मशीनें कार्यरत हैं। इनके संचालन और रखरखाव के लिए लगभग 900 प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात हैं।
इन मशीनों की मदद से भारी अनुरक्षण कार्य कम समय में अधिक सटीकता के साथ किए जा रहे हैं। इससे उपलब्ध ट्रैफिक ब्लॉक का बेहतर उपयोग होता है और ट्रेनों के परिचालन पर पड़ने वाला प्रभाव कम रखने में मदद मिलती है। साथ ही, रेलकर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।
ट्रैक और टर्नआउट नवीनीकरण का काम भी पूरा
अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच किए गए अन्य अनुरक्षण कार्यों में 102 किलोमीटर शोल्डर बैलास्ट क्लीनिंग, 126 किलोमीटर ट्रैक रिन्यूअल और 69 टर्नआउट रिन्यूअल शामिल हैं।
अक्टूबर 2026 में भी अनुरक्षण कार्य जारी रहे। इस दौरान 629 किलोमीटर प्लेन ट्रैक टैंपिंग, 183 टर्नआउट टैंपिंग और 24 किलोमीटर डीप स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा 3 किलोमीटर शोल्डर बैलास्ट क्लीनिंग, 15.5 किलोमीटर ट्रैक रिन्यूअल और 4 टर्नआउट रिन्यूअल का काम पूरा किया गया।
130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के लिए भी जरूरी अनुरक्षण
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में तीसरी, चौथी और नई रेल लाइनों के निर्माण के साथ मौजूदा रेल पटरियों का रखरखाव भी लगातार किया जा रहा है। विशेष रूप से नागपुर–झारसुगुड़ा मुख्य रेलखंड पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से ट्रेनों के परिचालन को देखते हुए उच्च गुणवत्ता वाला ट्रैक अनुरक्षण महत्वपूर्ण है।
रेलवे के अनुसार, आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षित कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से पटरियों की निर्धारित ज्यामिति बनाए रखने, गिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और समय-समय पर ट्रैक एवं टर्नआउट का नवीनीकरण करने में मदद मिल रही है। इससे सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय रेल परिचालन को मजबूती मिल रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छठ के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं
राज्यपाल रमेन डेका ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और जनजातीय अस्मिता के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया है
लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। राज्यपाल ने इस अवसर पर सभी अतिथियों को दीपावली की हार्दिक ...
राज्यपाल रमेन डेका शनिवार को रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित शौर्य दिवस समारोह म...
विवेकानंद नगर स्थित ज्ञानवल्लभ उपाश्रय में जारी सर्वमंगलमय वर्षावास के अंतर्गत ज्ञान पंचमी का पर्व शनिवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया।