गरियाबंद(वीएनएस)।खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ आज उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने गरियाबंद एवं बारुला धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में पहुंचकर किसानों से मुलाकात की, खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। कलेक्टर ने किसानों को आश्वस्त किया कि धान विक्रय के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने सबसे पहले गरियाबंद धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर निरीक्षण किया। यहां जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिक श्री अनिल चंद्राकर की उपस्थिति में किसान श्री लिलेश निषाद के धान की तौल कराकर खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। किसान श्री निषाद ने 9 क्विंटल धान का विक्रय किया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने किसान का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और उनसे धान खरीदी केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने किसानों से बातचीत कर टोकन व्यवस्था, धान तौल, बारदाना, पेयजल, बैठने की सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किसानों ने भी अपनी बात रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी प्रक्रिया व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित हो तथा किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। इस दौरान एसडीएम गरियाबंद सुश्री हितेश्वरी बाघे, जिला खाद्य अधिकारी श्री जन्मेजय नायक, सहायक पंजीयक सहकारिता सुश्री महेश्वरी तिवारी सहित समिति प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद सहित कृषकगण मौजूद रहे।
बारुला केंद्र में किसान गीता बाई ने बेचा 16 क्विंटल धान -
इसके बाद कलेक्टर श्री शर्मा बारुला धान उपार्जन केंद्र पहुंचे। यहां जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सोहन ध्रुव, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सरपंच सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस केंद्र में किसान श्रीमती गीता बाई ने 16 क्विंटल धान का विक्रय किया। कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और धान विक्रय के लिए बधाई दी। कलेक्टर ने केंद्र में धान की तौल, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और खरीदी से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं समिति कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप खरीदी कार्य पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी से किया जाए। किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए और उन्हें किसी भी स्तर पर परेशानी न हो।
किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता -
कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने कहा कि धान खरीदी किसानों की मेहनत और उनकी आर्थिक समृद्धि से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें और टोकन के अनुसार व्यवस्थित तरीके से धान खरीदी की जाए। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 97 धान उपार्जन केंद्रों में 91,644 किसानों का पंजीयन किया गया है। पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा 1,07,782 हेक्टेयर है। इस वर्ष जिले में सात नए उपार्जन केंद्र भी प्रारंभ किए गए हैं। पहले दिन जिले के 95 उपार्जन केंद्रों के लिए 239 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 794.42 मीट्रिक टन धान खरीदी प्रस्तावित है।
21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगा पूरा बोनस -
राज्य शासन द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णय के तहत अब प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता नहीं है। यदि किसी किसान की पैदावार कम है और वह 14 या 15 क्विंटल धान ही बेचता है, तब भी उसे 21 क्विंटल के मानक के आधार पर 659 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। इस प्रकार किसानों को प्रति क्विंटल 3100 रुपए का दाम मिलेगा। इस निर्णय से कम पैदावार वाले किसानों को भी आर्थिक संबल मिलेगा। किसान अपनी घरेलू जरूरतों के लिए धान अपने पास रख सकेंगे और उन्हें पूरा बोनस पाने के लिए 21 क्विंटल धान बेचने का दबाव नहीं रहेगा। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित टोकन एवं प्रक्रिया के अनुसार ही अपने उपार्जन केंद्र पहुंचें तथा धान विक्रय के दौरान शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को लोगों से दिमागी नक्सलियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की तथा आरोप लगाया कि इनमें से...
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य आज 15 नवंबर से पू...
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस...
राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर स्थित एक फूड पार्क में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया