फुलेरा में बदलेगा सत्ता का खेल, पंचायत सीजन 5 का ऐलान

Posted On:- 2026-11-18




मुंबई (वीएनएस)। लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर है। मेकर्स ने इसके पांचवें सीजन की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। 'पंचायत सीजन 5' का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा। नए सीजन में दर्शक एक बार फिर फुलेरा गांव, सचिव जी और वहां की दिलचस्प राजनीति के बीच लौटेंगे।

द वायरल फीवर (TVF) के निर्माण में बनी इस सीरीज में इस बार फुलेरा की सत्ता का समीकरण बदलता नजर आएगा। गांव को नया मुखिया मिल चुका है और अब बनराकस नए प्रधानपति की भूमिका में क्या-क्या बदलाव लाएगा, यही कहानी का अहम हिस्सा होगा। सवाल यह भी है कि क्या वह अपने वादों को पूरा कर पाएगा या उसकी योजनाएं महज दावों तक सीमित रह जाएंगी।

पुरानी स्टारकास्ट फिर निभाएगी अपने लोकप्रिय किरदार
पांचवें सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक समेत कई कलाकार नजर आएंगे। ये सभी एक बार फिर अपने चर्चित किरदारों को जीवंत करते दिखाई देंगे।

सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसकी रचना दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने की है। पंचायत सीजन 5 का प्रीमियर भारत समेत दुनियाभर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर होगा।

फुलेरा में नई राजनीति और बदलते रिश्तों की कहानी
नए सीजन में गांव की राजनीति, सत्ता की खींचतान और आपसी प्रतिद्वंद्विता को आगे बढ़ाया जाएगा। नए प्रधानपति बनराकस के आने से फुलेरा में समीकरण बदलेंगे। उसके फैसलों और योजनाओं का गांव के लोगों पर क्या असर पड़ेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।

मेकर्स के मुताबिक, इस बार भी कहानी में हल्का-फुल्का हास्य, भावनात्मक पल, रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े किस्से और स्थानीय राजनीति का मेल देखने को मिलेगा। नए सीजन में गांव के सामने आने वाली चुनौतियां और रिश्तों में होने वाले बदलाव कहानी को आगे बढ़ाएंगे।

प्राइम वीडियो और TVF ने जताई खुशी
प्राइम वीडियो इंडिया में SVOD कंटेंट एक्विजिशन के डायरेक्टर एवं हेड मनीष मेंघानी ने कहा कि पंचायत ऐसी कहानी है, जिसने समय के साथ दर्शकों की जिंदगी में खास जगह बनाई है। पिछले चार सीजन में फुलेरा और उसके किरदारों ने दर्शकों से गहरा जुड़ाव बनाया है।

उन्होंने कहा कि सीरीज का पांचवें सीजन के साथ लौटना गर्व की बात है। यह इसकी लोकप्रियता और शानदार सफर को दर्शाता है। TVF के साथ लंबे समय से चली आ रही साझेदारी के जरिए फुलेरा की दुनिया को फिर दर्शकों के सामने लाने को लेकर प्राइम वीडियो उत्साहित है।

TVF के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने कहा कि पंचायत उनके लिए अब सिर्फ एक सीरीज नहीं रह गई है। फुलेरा और उसके किरदारों को दर्शकों से मिले प्यार ने यह साबित किया है कि सादगी, सच्चाई और भावनाओं से जुड़ी कहानियां लोगों के दिलों पर गहरा असर छोड़ती हैं।

उन्होंने बताया कि पांचवें सीजन में पुराने किरदारों की कहानी को आगे बढ़ाने के साथ गांव की नई चुनौतियों, बदलते रिश्तों और अप्रत्याशित मोड़ों को भी दिखाया जाएगा। कोशी के मुताबिक, पंचायत OTT पर पांचवें सीजन तक पहुंचने वाले भारत के केवल दो शो में से एक है। उन्होंने इस सफर में प्राइम वीडियो के सहयोग के लिए आभार जताया।



Related News
thumb

दूसरे सोमवार की कमाई में रणवीर सिंह की 'धुरंधर' आगे, 'रामायण' नहीं ...

रणवीर सिंह की 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपनी जबरदस्त पकड़ साबित की है। दिसंबर 2025 में रिलीज हुई 'धुरंधर' ने दूसरे सोमवार को ...


thumb

सुप्रिया पिलगांवकर और सिद्धार्थ बोडके की मराठी फिल्म 'तू आहेस ना' क...

निर्माता कंपनी लव फिल्म्स ने अपनी नई मराठी फिल्म 'तू आहेस ना' की घोषणा कर दी है। फिल्म में सुप्रिया पिलगांवकर और सिद्धार्थ बोडके मुख्य भूमिकाओं मे...


thumb

‘तुम्बाड’ की दुनिया में फिर लौटे जेस्पर किड, सीक्वल के लिए संभालेंग...

‘असैसिन्स क्रीड’, ‘हिटमैन’ और ‘बॉर्डरलैंड्स’ जैसी मशहूर फ्रेंचाइजी के लिए म्यूजिक तैयार कर चुके जेस्पर एक बार फिर ‘तुम्बाड’ की दुनिया में लौट रहे हैं।


thumb

रश्मिका मंदाना स्टारर ‘मैसा’ से आया दूसरा गाना ‘आओ री चिरैया’, भावु...

‘मैसा’ में रश्मिका मंदाना एक बिल्कुल नए अंदाज में नजर आएंगी। इसे भारत की पहली महिला लीड वाली पैन इंडिया फिल्मों में से एक बताया जा रहा है।


thumb

मातृभूमि’ बनेगी सलमान खान के करियर की एक और यादगार इमोशनल फिल्म!

4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है