युवा धमतरी को नई दिशा देने कलेक्टर ने 100 युवा एंबेसडरों से किया संवाद, एआई कौशल से स्टार्टअप तक के अवसरों की दी जानकारी

Posted On:- 2026-11-20




आईटीआई भखारा में एआई बूटकैंप, धमतरी में एआई कौशल केंद्र और 25 स्टार्टअप को मिलेगा प्रोत्साहन;

धमतरी (वीएनएस)। जिले के युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित युवा धमतरी पहल के तहत कलेक्टर ने बीते दिन जिले के 100 युवा एंबेसडरों के साथ संवाद किया। बैठक में उन्होंने युवाओं को जिले में उनके उज्ज्वल भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी दी। साथ ही युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा और क्षमता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रेरित किया।

युवा धमतरी पहल के अंतर्गत जिले के प्रत्येक कॉलेज में गठित युवा प्रकोष्ठों के संचालन और युवाओं को योजनाओं से जोड़ने के लिए इन एंबेसडरों की नियुक्ति की गई है। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और प्रतिभा को सही दिशा देना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन कौशल विकास से लेकर स्वरोजगार और प्रतियोगी तैयारियों तक विभिन्न अवसर उपलब्ध करा रहा है।

एआई और तकनीकी कौशल पर विशेष जोर

युवाओं को भविष्य की तकनीक से जोड़ने के लिए आईटीआई भखारा में एआई बूटकैंप तथा धमतरी में एआई कौशल केंद्र शुरू करने जैसी पहल की जानकारी दी गई। इन सुविधाओं के माध्यम से युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित आधुनिक तकनीकी कौशल में दक्ष बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

25 स्टार्टअप को मिलेगा मार्गदर्शन और सहयोग

युवाओं में उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए धमतरी स्टार्टअप लॉन्चपैड शुरू किया गया है। इसके तहत 25 स्टार्टअप का चयन कर उन्हें तीन महीने तक आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं के नए विचारों को व्यावहारिक स्वरूप देकर उन्हें रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनाना है।

अग्निवीर बनने की तैयारी के लिए 12 प्रशिक्षण केंद्र

सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए जिला प्रशासन ने 12 अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए हैं। इसके साथ ही भर्ती की तैयारी को व्यवस्थित और आसान बनाने के लिए एक विशेष तैयारी मार्गदर्शिका भी प्रकाशित की गई है।

20 प्रतिभाशाली युवाओं को मिला सम्मान

बैठक में युवा धमतरी वेबसाइट पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 20 युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित युवाओं में एनएसएस स्वयंसेवक संकेत साहू और गूगल एंबेसडर हिमांशु जैन सहित अन्य युवा शामिल रहे। इस अवसर पर एडी सीएसएसडीए शैलेंद्र गुप्ता और सीएम सुशासन फेलो प्रियांश पाण्डेय भी उपस्थित थे।

युवा धमतरी पहल के माध्यम से जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के युवाओं को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, उद्यमिता और सेना भर्ती जैसे विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर अवसर उपलब्ध हों, ताकि धमतरी के युवा अपनी प्रतिभा के दम पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।



Related News
thumb

दूरस्थ गांवों के किसानों के लिए नजदीक आया धान खरीदी केंद्र

खेतों में धान की कटाई और मिंजाई के बीच अब किसानों को उपज बेचने के लिए दूर के खरीदी केंद्रों तक जाने की परेशानी नहीं होगी। छत्तीसगढ़ शासन की अनुमति स...


thumb

बैंकवार लंबित प्रकरणों का डीएलसीसी बैठक से पहले निराकरण करने के निर...

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि योजना की प्रगति का आकलन केवल प्राप्त आवेदनों के आधार पर नहीं, बल्कि स्वीकृत ऋण प्रकरणों, स्थापित सोलर संयंत्रों और ...


thumb

कुलेश्वर महादेव मंदिर एवं लोमस ऋषि आश्रम के विकास को मिलेगी गति

कलेक्टर श्री मिश्रा ने आश्रम परिसर में अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्हो...


thumb

धान खरीदी अभियान में किसानों की बढ़ती भागीदारी, अब तक 4,303 किसानों ...

जिले में धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा उपार्जन केंद्रों की सतत निगरानी की जा रही है। केंद्रों में किसानों...


thumb

धमतरी में औद्योगिक विकास को मिल रही नई गति, फूड पार्क और इंडस्ट्रीय...

इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज नगर पंचायत बड़ी करेली में निर्माणाधीन फूड पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन अधोसंरचना...