किसानों के हित में कलेक्टर की संवेदनशील पहल, 3,422 किसानों के रकबे में हुआ सुधार

Posted On:- 2026-11-24




समर्थन मूल्य पर धान बेचने में किसानों को नहीं होगी परेशानी, शून्य रकबे और फसल संबंधी त्रुटियों का प्राथमिकता से किया जा रहा निराकरण

बालोद (वीएनएस)।  समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और प्रत्येक पात्र किसान अपनी उपज का विक्रय कर शासन की योजना का पूरा लाभ प्राप्त कर सके, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के संवेदनशील एवं प्रभावी नेतृत्व में किसानों के रकबे और फसल संबंधी त्रुटियों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। प्रशासन की इस पहल से अब तक 3,422 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है।

किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने रकबा सुधार के लिए समिति एवं तहसीलदार स्तर पर व्यवस्था उपलब्ध कराई है। इससे किसानों को अपनी समस्या के निराकरण के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और वे समय पर समर्थन मूल्य पर धान बेच सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में कुल 1,58,572 किसानों का पंजीयन किया गया है। इनमें से 5,743 किसानों का रकबा समिति मॉड्यूल में शून्य प्रदर्शित हो रहा था। किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए 16 नवंबर 2026 से समिति स्तर पर रकबा सुधार की सुविधा शुरू की गई। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर तक 3,422 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है। शेष किसानों के प्रकरणों का निराकरण भी प्राथमिकता से किया जा रहा है।

इसी तरह जिन किसानों के पंजीकृत रकबे में कमी अथवा दर्ज फसल में त्रुटि है, उनके लिए तहसीलदार मॉड्यूल के माध्यम से सुधार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। संबंधित अधिकारियों द्वारा किसानों से प्राप्त आवेदन और दस्तावेजों का परीक्षण कर आवश्यक सुधार किया जा रहा है।

किसानों की समस्या का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रकबा एवं फसल संबंधी त्रुटियों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से और निर्धारित समय-सीमा में समाधान किया जाए, ताकि अभिलेखीय अथवा तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी भी पात्र किसान को धान बेचने में परेशानी न हो।

किसान संबंधित समिति अथवा तहसील कार्यालय में कराएं सुधार

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि जिनका रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है अथवा पंजीकृत रकबे में कमी या फसल संबंधी त्रुटि है, वे अपने संबंधित धान खरीदी केंद्र अथवा तहसीलदार कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ संपर्क कर सुधार कराएं।

जिला प्रशासन की इस किसान हितैषी पहल का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र किसान बिना किसी बाधा के अपनी उपज बेच सके और शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके।



Related News
thumb

ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर

इस भर्ती प्रक्रिया की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें संबंधित ग्राम पंचायतों के मूल निवासियों को प्राथमिकता दी गई है, जिससे स्थानीय शिक्षित युवा...


thumb

वीबी-जीराम-जी अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत प्लान का जिला स्तरीय प्रश...

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना निर्माण, अभिसरण की रणनीति, विभागीय भूमिकाओं, निगरानी एवं मूल्यांकन संबंधी विषयों पर विस...


thumb

ऑनलाइन टोकन से बचा समय, 72 वर्षीय बच्चालाल साहू ने बेचा 26.80 क्विं...

कोरिया जिले के 72 वर्षीय किसान बच्चालाल साहू ने मोबाइल ऐप से ऑनलाइन टोकन लेकर छिनडांड समिति के खरीदी केंद्र में 26.80 क्विंटल धान बेचा। रामचरित्तर...


thumb

’गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच कराएं, जनवरी तक सभी चिह्नित बच्चों ...

। कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व (एएनसी) जांच समय पर कराने और स्वास...


thumb

’बारिश से फसल को नुकसान हो तो 72 घंटे में दें सूचना, 10 दिन में होग...

कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने विगत दिनों रिमझिम बारिश के बीच खेतों में पहुंचकर किसानों से मुलाकात की और धान की उपज की जानकारी ली। बेमौसम बारिश से धान की...