उपराष्ट्रपति ने सिंधी भाषा में जारी किया संविधान

Posted On:- 2026-04-11




नई दिल्ली (वीएनएस)।  उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में देवनागरी और फारसी दोनों लिपियों में संविधान का सिंधी भाषा में, नवीनतम संस्करण जारी किया। उपराष्ट्रपति ने सिंधी भाषा दिवस के अवसर पर सिंधी भाषी समुदाय को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिंधी सबसे प्राचीन भाषाओं में से एक है और इसकी साहित्यिक परंपरा वेदांतिक दर्शन और सूफी विचारों के अनूठे संगम को दर्शाती है, जो एकता, प्रेम और भाईचारे के सार्वभौमिक मूल्यों को बढ़ावा देती है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार सिंधी भाषा में विशेष रूप से देवनागरी लिपि में संविधान का प्रकाशन, भाषाई समावेशिता को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि राष्ट्र की जीवंत आत्मा है, जो इसकी आकांक्षाओं को समाहित करती है, अधिकारों की रक्षा करती है और लोकतांत्रिक शासन का मार्गदर्शन करती है

उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा संविधान को अनेक भारतीय भाषाओं में सुलभ बनाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल नागरिकों और शासन के बीच के अंतर को कम करने में सहायक होती है, क्योंकि इससे लोग संविधान को अपनी मातृभाषा में समझ पाते हैं, जिससे लोकतांत्रिक भागीदारी और विश्वास मजबूत होता है।

उपराष्ट्रपति ने संविधान को बोडो, डोगरी, संथाली, तमिल, गुजराती और नेपाली आदि भाषाओं में उपलब्ध कराने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये प्रयास भारत की भाषाई विविधता का सम्मान करते हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाते हैं।

सिंधी समुदाय की ऐतिहासिक यात्रा का वर्णन करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि विभाजन के बाद के कठिन समय में यह भाषा दृढ़ता और एकता का प्रतीक रही। उन्होंने कहा कि सिंधी भाषा को 1967 में 21वें संवैधानिक संशोधन के माध्यम से संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया था, जिससे इसके सांस्कृतिक महत्व को मान्यता मिली और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसका संरक्षण सुनिश्चित हुआ।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि मातृभाषा के साथ-साथ सभी भाषाओं को समान महत्व और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में निहित है और भाषाएं संस्कृति, परंपरा और पहचान की महत्वपूर्ण वाहक हैं।

उपराष्ट्रपति ने संविधान को क्षेत्रीय भाषाओं में सुलभ बनाने के लिए विधि एवं न्याय मंत्रालय, विशेषकर क्षेत्रीय भाषा अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसी पहल नागरिकों को सशक्त बनाने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण को मजबूत करने में योगदान देगी।

उपराष्ट्रपति ने विविधता में एकता की भावना और "राष्ट्र प्रथम" के मार्गदर्शक सिद्धांत को दोहराते हुए नागरिकों से अपनी मातृभाषाओं के साथ-साथ राष्ट्र की सामूहिक भाषाई विरासत का सम्मान करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, लोकसभा सांसद शंकर लालवानी और विधायी विभाग के सचिव डॉ. राजीव मणि सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



Related News
thumb

ऑपरेशन ग्लोबल हंट से ड्रग माफिया के बीच मची खलबली,सलीम को लाया गया ...

कुछ महीने पहले केंद्रीय एजेंसी ने गृह मंत्रालय को एक तीन साल का खाका सौंपा था, जिसके तहत “ऑपरेशन ग्लोबल हंट” शुरू किया गया। इस मिशन का सीधा लक्ष्य ...


thumb

जामिया वीसी का आरएसएस के युवा कुंभ में बड़ा बयान, सभी भारतीयों में ...

अपने संबोधन में आसिफ ने भारत की विविधता के बारे में बात करते हुए कहा कि लोग विभिन्न भाषाई और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उन्होंने कहा कि इन वि...


thumb

अब होर्मुज स़्ट्रेट को बायपास कर फुजैराह से आएगा तेल, भारत की टेंशन...

भारत और UAE के बीच ऊर्जा, व्यापार और सुरक्षा पर आधारित गहरे रणनीतिक संबंध हैं। UAE पहले से ही भारत के प्रमुख कच्चे तेल आपूर्तिकर्ताओं में से एक है...


thumb

बंगाल में दूसरे चरण में रिकॉर्ड वोटिंग, 5 बजे तक करीब 90% मतदान

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर मतदान के दौरान जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शाम 5 बजे तक करीब 89.99 प्रतिशत मतदान...


thumb

बंगाल में वोटिंग का हाई वोल्टेज माहौल, 3 बजे तक 80% मतदान

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर मतदान जारी है और मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनाव आयोग के अन...


thumb

पश्चिम बंगाल में दोपहर 1 बजे तक 61% से अधिक मतदान

पश्चिम बंगाल में बुधवार यानी आज विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। बंगाल की जनता इस मतदान में 1,448 प्रत्याशियों की किस्...