पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में 11 बजे तक करीब चालीस प्रतिशत मतदान

Posted On:- 2026-04-29




कोलकाता (वीएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में शुरुआती चार घंटों में 39.97 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

राज्य के पूर्वी बर्धमान जिले में शुरूआती चार घंटों में सबसे अधिक 44.50 प्रतिशत और कोलकाता दक्षिण जिला में सबसे कम 36.78 प्रतिशत मतदान हुआ।

इस बीच कुछ इलाकों में मतदान के दौरान झड़पों और तनाव की रिपोर्ट भी मिली है। मतदान सुबह सात बजे शुरु हुआ था और शाम छह बजे तक चलेगा।

चुनाव आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार हुगली जिले में 43.12 प्रतिशत, हावड़ा में 39.45, कोलकाता उत्तर में 38.39 प्रतिशत, नादिया में 40.34, उत्तर 24 परगना में 38.43, दक्षिण 24 परगना में 37.92 प्रतिशत मतदान हुआ है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में 11 बजे तक 37.27 प्रतिशत मतदान हुआ। इस सीट पर उनके खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी चुनाव मैदान में है।

राज्य में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कुल 142 विधानसभा सीटों के लिए 1448 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में 41001 मतदान केन्द्र (39301 मुख्य और 1700 सहायक मतदान केन्द्र) बनाये गये हैं, जिसमें ग्रामीण मतदान केन्द्रों की संख्या 25083 और शहरी मतदान केन्द्रों की संख्या 14218 तथा 258 मॉडल मतदान केन्द्र हैं। इस चरण में 8845 मतदान केन्द्रों का प्रबंध पूरी तरह महिलाएं कर रही हैं।

चुनाव आयोग ने मतदान को हिंसा और भय से मुक्त रखने तथा स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से कराने के लिए व्यापक इंतजाम किये हैं और संवेदनशील इलाकों में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की सघन तैनाती की गयी है। चुनाव आयोग ने केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियों को तैनात किया है।

सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से मतदाता अपने मताधिकार को इस्तेमाल करने के लिए पहुंच रहे हैं और अभी तक कहीं से कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आयी है। दूसरे चरण में कुल 1,448 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में सर्विस मतदाता सहित कुल 3.22 करोड से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 उभयलिंगी शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में कुल 6.44 करोड़ मतदाता हैं।

राज्य में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच है तथा कांग्रेस और वामपंथी दल भी पुरजोर से अपनी ताकत आजमा रहे हैं। भवानीपुर सीट इस बार के चुनाव में सबसे हॉट सीट बनी हुई हैए जहां मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता एवं भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के बीच है।

मतदान के बाद, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें सील करके मतगणना केंद्रों के 'स्ट्रॉन्ग रूम' में ले जाया जाएगा, जहाँ 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।

चुनावी राज्य में गत 26 फरवरी को चुनाव ज़ब्ती प्रबंधन प्रणाली के सक्रिय होने के बाद से 27 अप्रैल तक कुल 510.10 करोड़ रुपये की नकदी एवं वस्तुएं जब्त की गयी है जिनमें 30 करोड़ रुपये की नकदी, 48.46 लाख लीटर शराब, जिसकी कीमत 126.85 करोड़ रुपये आंकी है। इसके अलावा 110.12 करोड़ रुपये की मादक पदार्थ, 58.28 करोड़ रुपये की बेशकीमती धातुए और 184.85 करोड़ रुपये के उपहार शामिल हैं।

पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान हुआ था जिसमें 93.19 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला था। दोनों चरणों की मतगणना चार मई को होगी।



Related News
thumb

पश्चिम बंगाल में दोपहर 1 बजे तक 61% से अधिक मतदान

पश्चिम बंगाल में बुधवार यानी आज विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। बंगाल की जनता इस मतदान में 1,448 प्रत्याशियों की किस्...


thumb

होर्मुज शिपिंग पर हमलों की भारत ने की निंदा

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत ने होर्मुज स्ट्रेट में कमर्शियल शिपिंग पर हुए हमलों की निंदा की और फ्री नेविगेशन को फिर से शुरू करने की मांग...


thumb

मेरा नाम हानिया रखा, हिजाब पहनना सिखाया, नासिक टीसीएस केस में पीड़ि...

खान ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को उसके घर पर नमाज़ पढ़ने और हिजाब पहनने का प्रशिक्षण भी दिया। खान ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता के मोबाइल फ़ोन पर इस्ल...


thumb

बंगाल चुनावः IPS अजय शर्मा को एचसी से राहत, 29 अप्रैल तक कार्रवाई प...

वकील ने आरोप लगाया कि अधिकारी आदर्श आचार संहिता (MCC) का उल्लंघन कर रहे हैं और बेंच से तुरंत दखल देने की मांग की। हालाँकि, जस्टिस राव ने कहा कि वह ...


thumb

लीबिया में भारतीय कंपनियों को तेल और गैस का नया भंडार मिला

भारत के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने अपने आधिकारिक एक्स पोस्ट के जरिए जानकारी दी है क...