मोटरसाइकिल से मोरपल्ली पहुंचे कलेक्टर-सीईओ, योजनाओं का लिया फीडबैक

Posted On:- 2026-06-12




चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं और मौके पर दिया समाधान का भरोसा

सुकमा (वीएनएस)। जिले के दूरस्थ और संवेदनशील इलाकों में विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन लगातार जमीनी स्तर पर सक्रिय नजर आ रहा है।  इसी कड़ी में कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर ने गुरुवार को उबड़ खाबड़ रास्तों से होते हुए नदी नालों को पारकर पहुंचविहीन और अंदरूनी क्षेत्र मोरपल्ली का दौरा किया। परिवहन सुविधाओं के अभाव में अधिकारियों ने मोटरसाइकिल से कठिन रास्ता तय कर गांव पहुंचकर यह संदेश दिया कि प्रशासन आम लोगों की समस्याओं को समझने और समाधान के लिए उनके द्वार तक पहुंचने को प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को अपने बीच देखकर ग्रामीणों में उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला।

मोरपल्ली में कलेक्टर और सीईओ ने ग्रामीणों के साथ आत्मीय संवाद कर राशन, पेयजल, बिजली, आंगनबाड़ी और टेक होम राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि राशन दुकान का निर्माण कार्य पूरा होते ही अगले महीने से गांव में ही खाद्यान्न भंडारण की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। इससे ग्रामीणों को राशन के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने बच्चों से भी आत्मीय संवाद कर उन्हें शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद प्रशासनिक अमला पेद्दाबोड़केल और सुरपनगुड़ा गांव पहुंचा, जहां कलेक्टर ने प्राथमिक शाला का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों के बीच बैठकर उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और बिना किसी बाधा के पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी आवश्यकताएं और सुझाव प्रशासन के सामने रखे, जिन पर अधिकारियों ने संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

सुकमा के अंदरूनी और पहुंचविहीन गांवों के भ्रमण के दौरान कलेक्टर अमित कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जोनगुड़ा और बंदा-मोरपल्ली में नए आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत करने, मोरपल्ली ग्राम पंचायत में बोर खनन कराने, खराब पड़े सोलर संयंत्रों की मरम्मत, तालाब गहरीकरण तथा एक वर्ष से लंबित ग्राम पटेल के मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं का लाभ देने नए सीएससी सेंटर खोलने के निर्देश दिए। सुरपनगुड़ा नीलापारा में घर-घर बिजली कनेक्शन पहुंचाने, गांव में प्रत्येक शुक्रवार साप्ताहिक बाजार शुरू कराने तथा पेद्दाबोडकेल में पूर्ण हो चुके पीडीएस भवन से अगले माह से खाद्यान्न भंडारण एवं वितरण प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मिनपा उप स्वास्थ्य केंद्र में बाउंड्री वॉल निर्माण कराने को भी प्राथमिकता में शामिल किया गया।

दौरे के दौरान महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी गई। कलेक्टर ने महिलाओं को महतारी वंदन योजना में शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे योजना का पूरा लाभ प्राप्त कर सकें। साथ ही ग्रामीणों को वोटर आईडी और आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेज बनवाने के लिए जागरूक किया गया। प्रशासन का यह जमीनी दौरा केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीणों और शासन के बीच भरोसे की एक मजबूत कड़ी बनकर उभरा, जिसने दूरस्थ अंचलों में विकास और जनसेवा के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता को भी रेखांकित किया। इस अवसर पर एसडीएम सुभाष शुक्ला, जनपद सीईओ सुमित ध्रुव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




Related News
thumb

नीट परीक्षा के आयोजन को लेकर का कलेक्टर व एसपी ने परीक्षा केंद्रों...

आगामी नीट परीक्षा के सुचारु, पारदर्शी एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने शुक्रव...


thumb

आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वेक्ष...

आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में आदरणीय कलेक्टर अजीत वसंत एवं आदरणीय जिला सीईओ विनय अग्रवाल के मार्गदर्शन में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के पहचान, सत्य...


thumb

वनोपज संघ अध्यक्ष ने किया वन धन विकास केन्द्र, मार्ट व तेन्दूपत्ता ...

छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के प्रदेश अध्यक्ष रूपसाय सलाम (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) ने सरगुजा प्रवास के दौरान वन धन विकास केन्द्र, एनडब्ल्यूएफपी...


thumb

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की मौजूदगी में डीएमएफ बैठक सम...

जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की शासी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े की अध्यक्षता में...


thumb

छत्तीसगढ़ का पहला संभागीय पोर्टल लॉन्च, सरगुजा संभाग ने रचा डिजिटल प...

डिजिटल सुशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए सरगुजा संभाग ने छत्तीसगढ़ का पहला आधिकारिक संभागीय पोर्टल लॉन्च कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।...


thumb

खेत बचाओ अभियान व जैविक कृषि मेला का आयोजन, बस्तर को सिक्किम की तर्...

खेत बचाओ अभियान तथा जैविक कृषि मेला का गरिमामय आयोजन कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के सभागार में शुक्रवार को...