सुशासन तिहार के आवेदनों का प्राथमिकता और गुणवत्तापूर्ण करें निराकरण, अपूर्ण निराकरण पर अधिकारियों को जारी करें नोटिस : कलेक्टर अजीत वसंत

Posted On:- 2026-06-22




अम्बिकापुर (वीएनएस)। कलेक्टर अजीत वसंत ने सोमवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं मैदानी अमले को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक एवं रामसिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर वसंत ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए मांग संबंधी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को समय पर लाभ प्राप्त हो सके। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित एवं निराकृत आवेदनों की विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली गई।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे विभागों के अधिकारियों को, जो निर्धारित समयावधि में आवेदनों का निराकरण नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश : 

कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास संस्थान (डीएमएफ) एवं अन्य मदों के अंतर्गत स्वीकृत, पूर्ण एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पिछले वर्ष के सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने जनपद पंचायतवार ग्राम पंचायत स्तर पर प्रस्तावित आरआरसी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित वसूली कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सचिवों को शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने तथा वसूली कार्य में लापरवाही बरतने वाले सचिवों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें : 

बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर वसंत ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता विभाग की कार्यशैली का प्रत्यक्ष प्रतिबिंब होती है। इसलिए सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएम हेल्पलाइन शासन और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर शिकायतकर्ताओं से संपर्क स्थापित करते हुए समाधान की पुष्टि भी की जाए। उन्होंने यथासंभव एल-1 स्तर पर ही शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की समीक्षा : 

बैठक में नक्शा प्रोजेक्ट, एग्रीस्टेक पंजीयन, जाति प्रमाण पत्र निर्माण, अपार आईडी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत भर्ती प्रक्रिया, ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड निर्माण तथा डीएमएफ अंतर्गत अपूर्ण कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा जनदर्शन, जन चैपाल, जन शिकायत एवं पीजी पोर्टल के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पीएम आवास एवं पीएम जनमन के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश : 

कलेक्टर वसंत ने जनपद पंचायतवार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों में प्रगति लाने तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों को भी गति देने पर जोर दिया। उन्होंने दूरस्थ एवं विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा बसाहटों में स्थापित किए जा रहे 113 हैंडपंप एवं बोरवेल कार्यों को मानसून पूर्व पूर्ण कर सभी हैंडपंपों को कार्यशील बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में आयुष्मान कार्ड निर्माण, मनरेगा, आधार पंजीयन तथा स्वीकृत पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्वीकृत पेंशन प्रकरणों का शीघ्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने तथा शेष लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



Related News
thumb

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर कार्रवाई, अनियमितता पाए जाने पर ...

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायत पर कृषि विभाग कोण्डागांव द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मेसर्स उन्नत कृषि केन्द्र, कोण्डागांव के उर्वरक...


thumb

आर्टिफिशियल ज्वैलरी निर्माण का प्रशिक्षण, स्वरोजगार के गुर सीख रहीं...

रूरल सेल्फ इंप्लॉयमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (ग्रामीण स्वरोजगार विकास संस्थान) गरियाबंद एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत सढ़ौली...


thumb

महिला राजमिस्त्री बनकर गढ़ रहीं अपने सपनों का भविष्य

कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में ग्रामीण महिलाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्...


thumb

जिले में खरीफ हेतु बीज भंडारण व वितरण की तैयारियां

खरीफ सीजन 2026 के मद्देनजर जिले में किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराने और कृषि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां ...


thumb

बिहान महिलाओं ने बनाई प्रगतिशील किसान के रूप में पहचान

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) एवं कृषि विभाग के सहयोग से ग्राम पेंड्रावन, जनपद पंचायत धमधा की महिलाओं ने जैविक खेती को अपनाकर आत्मनिर्भरता...


thumb

कुमारी देवी चौबे कृषि महाविद्यालय, साजा में उत्साह व उल्लास के साथ ...

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुमारी देवी चौबे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, साजा में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गय...