अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यों के दिए निर्देश
बेमेतरा (वीएनएस)। जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज नवागढ़ विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का व्यापक मैदानी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों का स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण यात्रा के दौरान कलेक्टर ने बेमेतरा से नवागढ़ प्रस्थान कर नांदल, खैरी, नवागढ़, मुरता का भ्रमण किया। उन्होंने प्रत्येक स्थल पर संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नांदल के उचित मूल्य दुकान का किया निरीक्षण, खाद्यान्न एवं आवश्यक वस्तुओं की गुणवत्ता परखा
ग्राम नांदल में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत हितग्राहियों को वितरित किए जा रहे चावल, शक्कर एवं नमक की गुणवत्ता एवं उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने भंडारण व्यवस्था, स्टॉक पंजी तथा वितरण प्रणाली का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं संचालक को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर ने वितरण व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने, रिकॉर्ड अद्यतन रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होने देने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक सुचारु रूप से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
ग्राम नांदल में आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री आवास कार्यों का निरीक्षण
कलेक्टर ने सर्वप्रथम ग्राम नांदल पहुंचकर निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी भवन बच्चों एवं महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण केंद्र हैं, इसलिए इनके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके पश्चात उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाइयों, आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं, टीकाकरण व्यवस्था तथा कोल्ड चेन के अंतर्गत रेफ्रिजरेटर में सुरक्षित रखी जाने वाली दवाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के घर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति देखी तथा हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।कलेक्टर ने जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन की दृष्टि से इस कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में दीर्घकालीन जल सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से किया संवाद, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर
ग्राम नांदल स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षाओं का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से पढ़ाई-लिखाई से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों को नियमित अध्ययन-अध्यापन, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा सीखने के स्तर में निरंतर सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय में पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, पंखे, फर्नीचर एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा बच्चों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम खैरी में बच्चों के बीच पहुंचीं कलेक्टर, ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाकर बढ़ाया उत्साह
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ग्राम खैरी स्थित प्राथमिक शाला पहुंचीं। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया तथा ब्लैकबोर्ड पर स्वयं बच्चों को पढ़ाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाए तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण व्यवस्था का लिया जायजा
ग्राम खैरी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार, वजन मापन, टीकाकरण एवं अन्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र में साफ-सफाई, शौचालय की व्यवस्था तथा बच्चों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
नवागढ़ में कस्तूरबा छात्रा आश्रम का किया निरीक्षण
निरीक्षण यात्रा के दौरान कलेक्टर ने नवागढ़ स्थित कस्तूरबा छात्रा आश्रम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही आवासीय सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास प्रबंधन को विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करने तथा सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
तहसील एवं एसडीएम कार्यालय का किया निरीक्षण, राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश
मैदानी भ्रमण के दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने नवागढ़ तहसील कार्यालय एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा अन्य राजस्व मामलों की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से जुड़े राजस्व प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यालय परिसर में स्वच्छता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा नागरिकों को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आमजन को कार्यालयों में अनावश्यक परेशानी न हो तथा प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए।
जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सर्वाेच्च प्राथमिकता : कलेक्टर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित मैदानी भ्रमण करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री प्रेमलता पद्माकर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नवागढ़ सुश्री दिव्या पोटाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
राजनांदगांव जिले में खरीफ 2026 अंतर्गत धान, मक्का, सोयाबीन, अरहर, उड़द, मूंग सहित अन्य फसलों की बुवाई का कार्य प्रगतिरत है। किसानों के लिए खाद-बीज ...
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में एग्रीस्टेक परियोजना के अंतर्गत जिले में आज विशेष अभियान चलाकर 5 हजार से अधिक किसानों को फार्मर लैंड आईडी ...
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार आज जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से ...
विकसित भारत जी राम जी के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जल संरक्षण महाअभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत नवागढ़ में विकासखंड के समस्त ग...
भारत सरकार की ’’बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’’ योजना के अंतर्गत बालिकाओं को कौशल विकास से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महिला एवं बाल विकास विभाग, बेमे...