वीबीजी रामजी के तहत जिले के स्कूलों में होगा अधोसंरचना विकास का व्यापक विस्तार

Posted On:- 2026-07-28




धमतरी (वीएनएस)। जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। 

वीबीजी रामजी योजना (विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्कूलों में अधोसंरचना विकास के व्यापक कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना के तहत लगभग 200 बालिका शौचालयों का निर्माण, किचन शेड, मल्टी स्पोर्ट्स सुविधाओं का विकास तथा अन्य आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों से विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध होगा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना, स्वच्छ परिसर, सुरक्षित वातावरण और खेल सुविधाएं भी विद्यार्थियों के समग्र विकास में समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक विद्यालय में ऐसी आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिले तथा उनकी नियमित उपस्थिति और सीखने की गुणवत्ता में वृद्धि हो। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने बताया कि योजना के अंतर्गत विद्यालयों की वास्तविक आवश्यकताओं के आधार पर विभिन्न अधोसंरचनात्मक कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। बालिका शौचालयों के निर्माण से छात्राओं की गरिमा, सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की बेहतर पूर्ति होगी, वहीं किचन शेड के निर्माण से मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन अधिक व्यवस्थित एवं स्वच्छ वातावरण में किया जा सकेगा। इसी प्रकार मल्टी स्पोर्ट्स सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों में खेल भावना, शारीरिक दक्षता और टीम भावना का विकास होगा।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत केवल भवन निर्माण ही नहीं, बल्कि विद्यालय परिसरों को अधिक उपयोगी, आकर्षक एवं छात्र-अनुकूल बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार परिसर विकास, मरम्मत, पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी सुविधाओं के उन्नयन जैसे कार्य भी शामिल किए जाएंगे, जिससे विद्यालयों की समग्र अधोसंरचना मजबूत हो सके।

जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी को ऐसा शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जहां वह सुरक्षित, प्रेरणादायक एवं संसाधनयुक्त परिसर में अध्ययन कर सके। बेहतर अधोसंरचना से न केवल विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि विद्यालयों में नामांकन, नियमित उपस्थिति तथा ड्रॉपआउट दर में कमी लाने में भी सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे।

जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों के समन्वय से योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि जिले के विद्यालय आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के सशक्त केंद्र बन सकें। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में धमतरी जिले को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रगतिशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।




Related News
thumb

जनदर्शन में आए 41 आवेदन, निराकरण के लिए संबंधित विभागों को दिए निर्देश

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज जनदर्शन में जिले भर से आए आवेदकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभाग को निर्देश भी दिए।


thumb

विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर जागरूकता अभियान, 77 लोगों का हुआ सफल टीकाकरण

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा के मार्गदर्शन में विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर शासकीय जी.एन.एम. नर्सिंग कॉलेज एवं जिला...


thumb

कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण...

कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कले...


thumb

प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 4 परिवारों को कुल 16 लाख रुपए की मिलेगी ...

छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी राजस्व पुस्तक परिपत्र खंड-6 क्रमांक-4 के प्रावधानों के तहत प्राकृतिक आपदाओं एवं नैसर्गिक...


thumb

छापरटोली में सोलर हाई मास्ट लाइट स्थापना का हुआ भूमि पूजन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश में शहरों से लेकर गांवों तक बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के साथ-साथ सुदृढ़ विद्युत ए...


thumb

कोतबा-बागबहार मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर, अक्टूबर 2026 तक पूर...

लोक निर्माण विभाग ने कोतबा-बागबहार मार्ग पर गड्ढों को लेकर प्रकाशित समाचार के संबंध में जानकारी देते हुए बताया है कि इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूती...