टायर में छिपा रखा था 75 लाख का गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार

Posted On:- 2026-08-20




गरियाबंद (वीएनएस)। गरियाबंद जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 151 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गांजे को मेटाडोर के 6 टायरों के अंदर छिपाकर रखा था। जब्त गांजे की कीमत करीब 75 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

चेकपोस्ट पर पकड़ी गई संदिग्ध मेटाडोर
रायपुर रेंज आईजी के निर्देश पर गरियाबंद पुलिस द्वारा जिले के सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी दौरान 19 अगस्त को देवभोग थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक मेटाडोर में गांजा लेकर देवभोग की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर खुटगांव अंतरराज्यीय पुलिस चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई।

इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मेटाडोर को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन के टायरों में गांजा छिपाए जाने का खुलासा हुआ।

6 टायरों में छिपाया था 151 किलो गांजा
पुलिस के अनुसार तस्करों ने मेटाडोर के 6 टायरों में कुल 151 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा था। तलाशी के बाद गांजा बरामद कर वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने मौके से रोहित पांडेय (35) निवासी चंद्र नगर, पंचायत छतरपुर, मध्यप्रदेश और रमेश नायक (52) निवासी एम. रामपुर, कालाहांडी, ओडिशा को गिरफ्तार किया।

गांजे के साथ मेटाडोर भी जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 151 किलोग्राम गांजा, कीमत 75 लाख 50 हजार रुपये तथा तस्करी में इस्तेमाल की गई मेटाडोर क्रमांक CG 07 AY 3587, कीमत करीब 20 लाख 25 हजार रुपये जब्त की है।

आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(C) और 27A के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

8 महीने में 5 करोड़ से ज्यादा का गांजा जब्त
गरियाबंद पुलिस के मुताबिक, जिले में ऑपरेशन निश्चय के तहत पिछले आठ महीनों में करीब 10 क्विंटल गांजा जब्त किया जा चुका है। इसकी अनुमानित कीमत 5.17 करोड़ रुपये बताई गई है। इस अवधि में कार्रवाई करते हुए 86 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



Related News
thumb

पोलमपल्ली पोटाकेबिन पहुंचकर कलेक्टर अमित कुमार ने लिया जायजा

पोलमपल्ली स्थित कन्या आवासीय पोटाकेबिन विद्यालय में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने जिस तत्परता और संवेदनशीलता के साथ मो...


thumb

हो रहे बारिश के बीच ही सिंचाई पानी देने गंगरेल का पट खुला

बारिश का दौर अभी जारी है और मौसम विभाग ने आगामी 3 सितंबर तक बारिश का अलर्ट भी जारी किया है पर इस बीच ही सिंचाई पानी की कथित मांग पर सिंचाई पानी देन...


thumb

महतारी वंदन के विरोध से कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता उजागर : र...

नेता प्रतिपक्ष के हालिया बयान में स्पष्टता का घोर अभाव दिखाई दे रहा है। एक ओर वे माताओं-बहनों को हर महीने आर्थिक संबल प्रदान करने वाली महतारी वंदन...



thumb

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शासकीय आवास में सुनी ‘म...

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने आज रायपुर स्थित अपने शासकीय आवास में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘...


thumb

रंग-तरंग में सजेगा छत्तीसगढ़ का लोक-संगीत, संस्कृति और आधुनिक सुरों...

छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और आधुनिक सुरों के अनूठे संगम को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्व...