शिविर में ग्रामीणों को मिला शासकीय योजनाओं का लाभ, सांसद भोजराज नाग व विधायक टेकाम हुए शामिल

Posted On:- 2026-08-21




कोण्डागांव (वीएनएस)। माओवाद मुक्त होने के बाद जिले के सुदूर क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास एवं निर्माण कार्यों को गति मिल रही है। इसी क्रम में शासन की मंशानुरूप अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से फरसगांव विकासखंड के ग्राम कोनगुड़ स्थित हाई स्कूल प्रांगण में गुरुवार को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सांसद भोजराज नाग एवं केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम शामिल हुए।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनके माध्यम से ग्रामीणों को अपने गांव में ही विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी और लाभ मिल रहा है तथा उनकी समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जा रही है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। साथ ही ग्रामीणों से उनकी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कहा कि पिछले 40 वर्षों से बस्तर क्षेत्र में विकास कार्य प्रभावित रहे हैं। माओवाद की समाप्ति के बाद अब इन क्षेत्रों में विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों को केसीसी के माध्यम से कृषि कार्यों में सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्का मकान तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तक एवं गणवेश तथा बालिकाओं को साइकिल प्रदान की जा रही है।

उन्होंने बताया कि शासन की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पित व्यक्तियों को कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अपने गांव को विकसित गांव बनाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि कोनगुड़ सड़क मार्ग की स्वीकृति शासन द्वारा दी गई है। सड़क एवं स्टॉप डेम के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ ग्रामीणों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और विकास को गति मिलेगी। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से खेती-किसानी को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों की आय में वृद्धि के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को डायल-112 की सुविधा तथा साइबर जागरूकता अभियान की जानकारी दी और साइबर ठगी एवं अन्य अपराधों से सतर्क रहने की अपील की।

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने स्वागत भाषण में कहा कि माओवाद की समाप्ति के बाद क्षेत्र के विकास को सही दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा। शासन की योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने कहा कि शासन की पुनर्वास नीति के तहत बड़ी संख्या में पुनर्वासित व्यक्तियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। माओवाद मुक्त होने के बाद जिले में विकास गतिविधियों को गति मिली है। उन्होंने सभी से मिलकर जिले के विकास में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण हुए लाभान्वित

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। मुख्य अतिथियों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत विभागवार सामग्री एवं हितग्राहीमूलक सामग्री का वितरण किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

कोनगुड़ शिविर में 08 जाति प्रमाण पत्र, 08 निवास प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा 55 जाति प्रमाण पत्र, 46 निवास प्रमाण पत्र एवं 41 आय प्रमाण पत्र के लिए प्रतिवेदन तैयार किए गए। इसी प्रकार 56 आधार बायोमेट्रिक अपडेट, 18 आधार आवेदन, 04 अन्नप्राशन, 02 गोद भराई, 04 सुपोषण किट, 40 पौधे, 10 कृषक किट, 04 श्रवण यंत्र, 04 वृद्धजनों को लाठी तथा 09 जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में माओवादी विचारधारा का त्याग कर समाज की मुख्यधारा में लौटे आत्मसमर्पित व्यक्तियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष मानकू राम नेताम, जनपद सदस्य, सरपंच, वार्ड पंच एवं विभिन्न जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम फरसगांव अश्वन कुमार पुसाम, जनपद पंचायत सीईओ रूपेन्द्र नेताम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




Related News
thumb

’कलेक्टर के निर्देश पर जनसंवाद-2.0 के तहत ग्रामीणों ने तय की विकास ...

कोरिया जिले में ग्राम सभाएं अब केवल योजनाओं और प्रस्तावों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ग्रामीणों की सहभागिता से गांव के विकास की दिशा तय करने का सशक्त ...


thumb

जिले के नवनियुक्त कलेक्टर रणबीर शर्मा ने किया पदभार ग्रहण

गरियाबंद जिले के नवनियुक्त कलेक्टर रणबीर शर्मा ने आज पूर्वान्ह जिला कार्यालय में निवर्तमान कलेक्टर बीएस उइके से कार्यभार लेकर अपना पदभार ग्रहण किया...


thumb

दिव्यांगजनों का सर्वे कर जरूरत के अनुरूप कृत्रिम अंग उपलब्ध कराएं :...

कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों की संभाग स्तरीय समीक...


thumb

जिले में बैंकिंग योजनाओं के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित...

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्श दात्री (डीएलसीसी) की तिमाही समीक्षा बैठक संपन्न हुई।


thumb

अटल डिजिटल सेवा केंद्र से शासकीय सेवाएं हुईं सुलभ, महिलाओं को मिलेग...

कोंडागांव जिले के दूरस्थ अंचल में बसे कोनगुड़ में अब बदलाव की तस्वीर साफ दिखाई दे रही है। कभी माओवाद की चुनौती से प्रभावित रहा यह क्षेत्र आज शासन की...


thumb

सहायक जनसंपर्क अधिकारी बिसे कुमार रात्रे जिला जनसंपर्क कार्यालय गरि...

जनसंपर्क विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, अटल नगर, नवा रायपुर के आदेश के तहत जिला जनसंपर्क कार्यालय जशपुर में पदस्थ सहायक जनसंपर्क अधिकारी बिसे कुमार रा...