पोषण की थाली से सजा आंगन, ‘आंगन मिलन सेवा’ में स्वस्थ परिवार का संकल्प

Posted On:- 2026-09-29




स्वस्थ बच्चों का सम्मान, पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता और मुनगा रोपण के संदेश से जागरूक हुईं महिलाएं

बीजापुर (वीएनएस)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बीजापुर नगर के शांतिनगर एवं तहसीलपारा वार्ड तथा ग्राम पंचायत भोषागुड़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पोषण, स्वास्थ्य, मातृ-शिशु देखभाल और शासकीय योजनाओं की जानकारी के साथ महिलाओं एवं परिवारों को स्वस्थ एवं सुपोषित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में स्वस्थ बच्चों का सम्मान किया गया। वहीं ‘पोषण शक्ति सम्मान’ के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। महिलाओं ने स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध खाद्य सामग्री से तैयार पौष्टिक थाली का प्रदर्शन किया और संतुलित आहार के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में रंगोली, मेहंदी एवं पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए। प्रतियोगिता के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्थानीय खाद्य पदार्थों के बेहतर उपयोग से कम लागत में भी परिवार के लिए संतुलित और पोषक आहार तैयार किया जा सकता है।

घर-घर मुनगा लगाने का दिया संदेश

महिलाओं को अपने घरों में मुनगा लगाने के लिए प्रेरित किया गया। मुनगा की पत्तियों एवं फलियों में मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी देते हुए इसे नियमित आहार में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभ एवं अपने अनुभव साझा किए। पार्षद श्रीमती हिमानी साहू ने महिलाओं एवं बच्चों से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं माताओं को उपलब्ध कराई जा रही पोषण, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, वृद्धि निगरानी तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा जैसी सेवाओं की जानकारी भी दी गई। महिलाओं को बच्चों के पोषण स्तर की नियमित निगरानी, स्वच्छता अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद मुन्नालाल ताती, ग्राम पंचायत भोषागुड़ा में मुख्य अतिथि रामलू पूनेम एवं पुरुषोत्तम भंडारी तथा वक्ता के रूप में सरिता कंडिक, संगीता हेमला, गीता मांझी एवं रितु राना उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सुपोषित बचपन और स्वस्थ मातृत्व केवल शासकीय योजनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी केंद्र शासन और समुदाय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन एवं मार्गदर्शन पर्यवेक्षक श्रीमती गीता कनौजे के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।



Related News
thumb

पीएम सूर्यघर योजना बनी तुषार पांडे के परिवार के लिए राहत का जरिया

तुषार पांडे बताते हैं कि सोलर रूफटॉप लगवाने का निर्णय उनके परिवार के लिए लाभदायक साबित हुआ है। बिजली के मासिक खर्च से राहत मिलने के साथ ही स...


thumb

बैगा बाहुल्य अंचल की 135 आंगनबाड़ियों में एक साथ सजा ‘आंगन मिलन सेवा’

महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए महतारी वंदन यो...


thumb

नुक्कड़ नाटक से गूंजा संदेश -टीबी मुक्त, नशामुक्त भारत की ओर बढ़े कदम

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वयंसेवकों ने टीबी के लक्षण, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक...


thumb

नवाचार से उद्यमिता की ओर बढ़े कदम, विद्यार्थियों को मिला स्टार्टअप क...

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज में विद्यार्थियों की भागीदारी को लेकर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। विद्यार्थियों क...


thumb

स्थानांतरण पर एसडीएम जागेश्वर कौशल को दी गई आत्मीय विदाई

कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि कौशल ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ किया। जिले में...