जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाना सुनिश्चित करें : कलेक्टर

Posted On:- 2026-10-05




सूरजपुर (वीएनएस)। कलेक्टर रेना जमील ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही से कार्य करते हुए नियमित क्षेत्रीय भ्रमण कर मैदानी क्रियान्वयन की निगरानी करें।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु शिविर की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को विभागीय टीम के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक को केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं से शत-प्रतिशत संतृप्त करना लक्ष्य है। इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर विभागीय सेवाओं की उपलब्धता तथा आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 06 अक्टूबर को भैयाथान विकासखंड के ग्राम करकोटी एवं ओड़गी के दवनसरा तथा 07 अक्टूबर को प्रतापपुर के डांडकरवा में शिविर आयोजित होगा। सभी जिला स्तरीय अधिकारी अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।

धान खरीदी वर्ष 2026-27 की तैयारियों एवं कृषक पंजीयन की प्रगति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने को कहा। उन्होंने एग्रीस्टेक पंजीयन एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे के शेष कार्य भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के तहत अधिकाधिक नागरिकों की जांच और स्क्रीनिंग कराने तथा शेष पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड शीघ्र बनाने को कहा। उन्होंने यू-विन पोर्टल एवं राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम की प्रगति की भी जानकारी ली। कलेक्टर जमील ने टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के के निर्देश दिए। गुणवत्ता युक्त शिक्षा के लिए विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, अनुपस्थिति एवं अवकाश की स्थिति की समीक्षा करते उन्होंने लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली । विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति के लिए उन्होंने पालकों से संवाद कर अनुपस्थित बच्चों को नियमित अध्ययन से जोड़ने को कहा।

कलेक्टर ने सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं के प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों को समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिससे यातायात सुगम रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। बैठक में कलेक्टर ने समय-सीमा, जनदर्शन, सेवा सेतु, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं पीजी पोर्टल के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयन तारा सिंह, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



Related News
thumb

28 अक्टूबर को मोहला में जिला स्तरीय युवा उत्सव का होगा आयोजन

शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार युवा उत्सव का आयोजन जिला एवं राज्य स्तर पर किया जाना है। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी कलात्मक एवं ...


thumb

दीपावली पर अस्थायी पटाखा दुकान लगाने के लिए 23 अक्टूबर से 4 नवंबर त...

इच्छुक आवेदक विस्फोटक नियम, 2008 के प्रावधानों एवं निर्धारित शर्तों का पालन करते हुए दिनांक 23 अक्टूबर 2026 से 4 नवंबर 2026 तक आवेदन प्रस्...


thumb

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने व्यवहार न्यायालय अंबागढ़ चौकी का ...

निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार ने ग्राम कान्हे में जिला न्यायालय अंबागढ़ चौकी के लिए आवंटित भूमि तथा न्यायाल...


thumb

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर कलेक्टर श...

कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी च...


thumb

कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और...

एनकॉर्ड की बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम एवं उनके अवैध कारोबार पर नियंत्रण के संबंध में समीक्षा की गई। स्कूलों एवं अन्य शैक्षणिक परिसरों...


thumb

जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में दूसरा नेत्रदान, परिजनों ने पेश क...

नेत्रदान की प्रक्रिया 22 अक्टूबर 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोटाटोला एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला से संबंधित स्वास्थ्य अमले ...