नारायणपुर (वीएनएस)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत /2047’ के संकल्प को जनभागीदारी और विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़ने के उद्देश्य से बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नारायणपुर में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषणों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को जीवंत किया। प्रतियोगिता में प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के लगभग 650 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर नम्रता जैन के दिशा-निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ पांडे, डिप्टी कलेक्टर महेंद्र सिदार एवं जिला मिशन समन्वयक डी.बी. रावटे के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष इंदू बघेल ने की। इस अवसर पर राज्य महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष रामशिला झा, पंकज जैन, प्रताप मंडावी, जिला पंचायत सदस्य तथा नरेंद्र मेश्राम सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
चित्रों और भाषणों में दिखा बच्चों का विकसित भारत
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता और विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नक्सलवाद मुक्त समाज, स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, नया कश्मीर, विकसित भारत /2047, महिला सशक्तिकरण और ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे विषयों ने बच्चों को अपनी सोच व्यक्त करने का अवसर दिया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से ऐसे भारत की तस्वीर प्रस्तुत की, जहां शांति, सुरक्षा, स्वच्छता, शिक्षा, तकनीकी विकास और सामाजिक समानता के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी हो। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, देश की प्रगति, युवाओं की भूमिका, महिला सशक्तिकरण और नक्सलवाद मुक्त समाज की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
बच्चों की प्रस्तुतियों में यह संदेश स्पष्ट दिखाई दिया कि विकसित भारत केवल आर्थिक और तकनीकी प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सुरक्षित समाज, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ पर्यावरण, समान अवसर, महिला सशक्तिकरण और जिम्मेदार नागरिकता भी महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना के भारत में आधुनिक तकनीक के साथ भारतीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी प्रमुख स्थान दिया।
छोटे छात्र सचिन कश्यप ने भाषण से बटोरी सराहना
प्रतियोगिता में शासकीय प्राथमिक शाला खासपारा कन्हारगांव के कक्षा चौथी के छात्र सचिन कश्यप ने अपने प्रभावशाली भाषण से सभी का ध्यान आकर्षित किया। कम उम्र के बावजूद सचिन ने विषय की स्पष्ट समझ, आत्मविश्वास और प्रभावी अभिव्यक्ति का परिचय दिया। उनकी प्रस्तुति की अतिथियों एवं उपस्थित दर्शकों ने विशेष सराहना की।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला, बल्कि उन्हें सार्वजनिक मंच पर अपने विचार रखने और देश के भविष्य के निर्माण से जुड़े विषयों पर चिंतन करने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी हुए सम्मानित
भाषण प्रतियोगिता के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर में प्रथम स्थान शासकीय प्राथमिक शाला खासपारा कन्हारगांव के कक्षा चौथी के छात्र सचिन कश्यप ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान शासकीय कन्या बुनियादी ग्रांजी की कक्षा सातवीं की छात्रा लक्ष्मी यादव तथा तृतीय स्थान पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय ओरछा के कक्षा आठवीं के छात्र भावेश पटेल ने प्राप्त किया।
हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर की भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सेजेस ओरछा की कक्षा बारहवीं की छात्रा यामिनी पोयम ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान सेजेस बखरूपारा की कक्षा नौवीं की छात्रा विजय लक्ष्मी चौहान तथा तृतीय स्थान इसी विद्यालय के कक्षा नौवीं के छात्र डेविड नेताम ने हासिल किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर में प्रथम स्थान प्राथमिक शाला पातुरबेड़ा की कक्षा पांचवीं की छात्रा भारतीय यादव ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान बालक बुनियादी ग्रांजी के कक्षा आठवीं के छात्र विनय नायक तथा तृतीय स्थान कन्या आश्रम चालचेर, ओरछा की कक्षा पांचवीं की छात्रा चूलबाती उसेंडी ने प्राप्त किया।
हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शासकीय बालक बुनियादी ग्रांजी के कक्षा ग्यारहवीं के छात्र सुमित कुमार गोटा ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान रामकृष्ण मिशन विद्यालय नारायणपुर के कक्षा बारहवीं के छात्र अर्जुन कुमार ध्रुव तथा तृतीय स्थान पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय ओरछा के कक्षा नौवीं के छात्र अमित गावड़े ने प्राप्त किया।
प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अध्ययन, सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षकों एवं अधिकारियों का रहा महत्वपूर्ण योगदान
कार्यक्रम का मंच संचालन अनुराग नाग एवं देवांगन ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एडीपीओ एम.के. देहारी, एपीसी कविता हिरवानी, खंड शिक्षा अधिकारी नारायणपुर कृष्ण नाथ गोटा, खंड शिक्षा अधिकारी ओरछा संतु नूरेटी, प्राचार्य मनोज बागड़े, खंड स्रोत समन्वयक ओरछा,नारायणपुर लक्ष्मीकांत सिंह एवं उमेश रावत सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों, संकुल समन्वयकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और विचारों को मंच देने के साथ-साथ ‘विकसित भारत /2047’ के संकल्प से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के भारत के निर्माता हैं। उनकी कल्पनाओं में उभरता भारत एक ऐसा भारत है, जो सुरक्षित, स्वच्छ, शिक्षित, तकनीकी रूप से सक्षम, आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से सशक्त हो। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल र...
लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर के निर्देशानुसार केन्द्र प्रवर्तित अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को प्री-मेट्रिक छात्रवृत्ति ...
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के महतारियों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आ...
“नमो सेवा अनकही कहानियां” कार्यक्रम के अंतर्गत कन्या शिक्षा परिसर, नारायणपुर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अभियानों पर आधारित नुक्कड़ नाटक क...
जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर आवेद...