नारायणपुर (वीएनएस)। नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर नम्रता जैन, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल , नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, पार्षदों ,जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर तथा संबंधित अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाजार व्यवस्था, निर्माण कार्यों, नाली निर्माण, स्वच्छता प्रबंधन तथा सार्वजनिक स्थलों के सुव्यवस्थित विकास का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत जय स्तंभ चौक स्थित डेली मार्केट से हुई। कलेक्टर ने बाजार क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण से मुक्त रखने तथा आवागमन सुगम बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान जय स्तंभ चौक में बाजार कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए स्थल चिह्नित किया गया, जिससे बाजार व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाया जा सके।
इसके पश्चात कलेक्टर ने निर्माणाधीन नालंदा लाइब्रेरी का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए अध्ययन का बेहतर केंद्र साबित होगा। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय, पुराने पुलिस थाना परिसर, पुराने सहकारिता एवं पंजीयन कार्यालय तथा पुराने आयुर्वेद अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
पिकड़ी तालाब के स्वीकृत कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश
कलेक्टर ने पिकड़ी तालाब का निरीक्षण कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तालाब से संबंधित स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने तथा उनके क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
बाजार व्यवस्था एवं स्वच्छता प्रबंधन पर जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने बखरूपारा स्थित बाजार स्थल और चिकन मार्केट का अवलोकन किया। कलेक्टर ने एसडीएम को बाजार क्षेत्र में शासकीय भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित रखने तथा सार्वजनिक स्थलों का सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात एसएलआरएम (सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) सेंटर का निरीक्षण किया गया। यहां कलेक्टर ने स्वच्छता दीदियों से चर्चा कर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कचरे के उचित संग्रहण, पृथक्करण एवं प्रबंधन के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी स्वच्छता व्यवस्था के लिए नगर पालिका के अमले और स्वच्छता दीदियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। एसएलआरएम सेंटर के पास अतिक्रमण कर बनाए गए आहाते को हटाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में विकास कार्यों के साथ-साथ स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं, शासकीय भूमि की सुरक्षा और बाजार व्यवस्था में सुधार पर निरंतर ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, पार्षद संगीता जैन, संजय नन्दी, कमलापति मिश्रा, प्रवीण जैन, नेहा कश्यप, एसडीएम नारायणपुर सुनील सोनपिपरे, तहसीलदार वेद प्रकाश साहू, नगर पालिका सीएमओ रामचंद्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
वन अधिकार अधिनियम, 2006 एवं पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) अधिनियम (पेसा) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला मुख्यालय नारायणपुर में ...
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (ब्डभ्व्) के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्वच्छता को बढ़ावा देने...
छत्तीसगढ़ की हॉकी अब रायपुर के मैदान से निकलकर दुनिया तक पहुंच रही है। राज्य में हॉकी को बढ़ावा देने खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छत्तीस...
ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में नारायणपुर जिले में संचालित शासकीय रेशम...
एक शब्द प्रतिदिन, ज्ञान का वृक्ष जीवन भर की भावना के साथ जिले की प्राथमिक शालाओं में संचालित शैक्षणिक नवाचार शब्दबीज को जिला प्रशासन ने एक नई दिशा ...