एमसीबी (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की नई राह दिखा रही है। मनेन्द्रगढ़ विकासखंड निवासी गायत्री श्रीवास्तव ने योजना से मिलने वाली सहायता राशि की नियमित बचत कर सेकेंड हैंड सिलाई-पिको मशीन खरीदी और अपने टेलरिंग व्यवसाय का विस्तार किया है। उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर डाक के माध्यम से व्यक्तिगत शुभकामना पाती भेजी है। मुख्यमंत्री का स्नेह भरा पत्र पाकर गायत्री श्रीवास्तव बेहद खुश हैं।
महतारी वंदन की बचत से खरीदी मशीन, रोजगार को मिला नया सहारा
गायत्री श्रीवास्तव पहले से ही सिलाई का कार्य कर परिवार की आमदनी में सहयोग कर रही थीं। महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि को उन्होंने नियमित रूप से बचाना शुरू किया। धीरे-धीरे जमा हुई राशि से उन्होंने सेकेंड हैंड सिलाई-पिको मशीन खरीदी। अब वे सिलाई के साथ कपड़ों में पिको का काम भी स्वयं कर रही हैं, जिससे उनके व्यवसाय को नई गति मिली है।
गायत्री बताती हैं कि पहले पिको मशीन नहीं होने के कारण उन्हें कपड़ों में पिको कराने के लिए दूसरी जगह जाना पड़ता था। इससे अतिरिक्त समय और खर्च लगता था। अब अपनी मशीन होने से यह परेशानी दूर हो गई है। ग्राहकों को भी सिलाई और पिको की सुविधा एक ही स्थान पर मिल रही है। इससे उनके काम में तेजी आने के साथ आमदनी में भी वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री की विशेष पाती ने बढ़ाया उत्साह और आत्मविश्वास
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गायत्री श्रीवास्तव को व्यक्तिगत पत्र भेजकर उनके परिश्रम और आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि की बचत कर सिलाई-पिको मशीन खरीदने और रोजगार का विस्तार करने के उनके प्रयास पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री की ओर से मिले इस आत्मीय शुभकामना संदेश ने गायत्री के उत्साह को और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उनके छोटे से प्रयास को सराहना मिलना उनके लिए गर्व और खुशी की बात है। इससे उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने की नई प्रेरणा मिली है।
33वीं किस्त से दीपावली की खुशियां हुईं दोगुनी
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत गायत्री श्रीवास्तव को अब तक 33 किस्तों में कुल 33 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो चुकी है। दीपावली से पहले 33वीं किस्त की राशि खाते में पहुंचने से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। गायत्री ने बताया कि इस राशि का उपयोग वे दीपावली की तैयारियों और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में करेंगी।
उन्होंने कहा कि योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता ने उन्हें न केवल परिवार की जरूरतें पूरी करने में सहयोग दिया, बल्कि बचत कर अपना रोजगार बढ़ाने का अवसर भी प्रदान किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि शासन की इस योजना से महिलाओं को आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भर बनने का हौसला मिल रहा है।
गायत्री श्रीवास्तव की यह सफलता दर्शाती है कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित सहायता राशि का सही उपयोग महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। छोटी-छोटी बचत से स्वरोजगार को विस्तार देकर वे न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी अपनी भागीदारी निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरबा जिले के रामपुर निवासी महतारी वंदन योजना की हितग्राही बहुरा कौशिक एवं उनकी बहू सविता कौशिक को ‘विष्णु की पाती’ ल...
केशकाल विकासखंड के ग्राम सुरडोंगर में आयोजित विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन समारोह उत्साह एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ...
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा भेजी गई विशेष श्विष्णु की पातीश् नगर पंचायत खोंगापानी निवासी दिव्यांग दीपक...
साहित्य केवल शब्दों का संयोजन नहीं, बल्कि समाज की संवेदनाओं, संस्कृति, विचारों और जीवन मूल्यों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई के लिबरल आर्ट्स विभाग द्वारा दिनांक 2 एवं 3 नवंबर 2026 को चौथी स्नातकोत्तर शोध संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस वर्...