15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, जिले में 25,912 मीट्रिक टन उपार्जन का लक्ष्य निर्धारित

Posted On:- 2026-11-11




दंतेवाड़ा (वीएनएस)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से प्रारंभ होकर 15 जनवरी 2027 तक संचालित होगी। किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने आज कलेक्टरेट के डंकनी सभाकक्ष में खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं धान उपार्जन केंद्रों के समिति प्रबंधकों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टर ध्रुव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी शासन की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण योजना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि धान खरीदी के दौरान कोचियों, बिचौलियों एवं व्यापारियों से धान की खरीदी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। यदि किसी उपार्जन केंद्र में इस प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान की आवक तथा अवैध खरीदी-बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, ताकि वास्तविक किसानों को ही योजना का लाभ मिल सके और उन्हें धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

15 नवंबर से 15 जनवरी तक होगी खरीदी, 10 नवंबर से टोकन प्रक्रिया प्रारंभ

जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक धान खरीदी की जाएगी। खरीदी सोमवार से शुक्रवार तक होगी तथा शासकीय अवकाश के दिनों में उपार्जन केंद्र बंद रहेंगे। एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीकृत किसानों से ही धान की खरीदी की जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए 10 नवंबर से टोकन जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके साथ ही किसान तुहर टोकन ऐप के माध्यम से भी टोकन प्राप्त कर सकेंगे, जो गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।

समलूर में नया उपार्जन केंद्र, अब जिले में 16 केंद्रों पर होगी खरीदी

किसानों की सुविधा और धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक सुलभ बनाने के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में ग्राम समलूर में नया उपार्जन केंद्र प्रारंभ किया गया है। इसके साथ ही जिले में धान उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। कलेक्टर ने सभी केंद्रों में बिजली, इंटरनेट कनेक्टिविटी, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन एवं नमी मापक यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा किसानों के बैठने के लिए कुर्सियां, स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान, शौचालय एवं मेडिकल किट की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने को कहा। उन्होंने सभी उपकरणों की कार्यशीलता का पूर्व परीक्षण करने के निर्देश भी दिए, ताकि खरीदी के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो।

25,912 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के लिए कुल 25,912 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला विपणन अधिकारी के.एस.शांडिल्य ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 में जिले में 13 हजार 930 किसान पंजीकृत थे, जिनका कुल रकबा 35 हजार 544 हेक्टेयर था। वहीं वर्ष 2026-27 में एग्रीस्टेक आईडी युक्त पंजीकृत किसानों की संख्या 13 हजार 828 है तथा इनका कुल पंजीकृत रकबा 30 हजार 492 हेक्टेयर है। खरीदी व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए जिले के चार उपार्जन केंद्रों को संवेदनशील केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है। इस वर्ष खरीदी के लिए कुल 1,296 गठान बारदानों की आवश्यकता होगी, जिसमें 648 गठान नए तथा 648 गठान पुराने बारदाने शामिल हैं।

समितियों की ग्रेडिंग के आधार पर मिलेगा अतिरिक्त प्रोत्साहन

कलेक्टर ने समितियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी के दौरान किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए पीसीएसएपी के माध्यम से समितियों की ग्रेडिंग की जाएगी। नई समितियों के लिए एल-3 एवं एल-4 ग्रेडिंग प्राप्त करना अनिवार्य होगा। निर्धारित ग्रेडिंग प्राप्त नहीं करने वाली समितियों को अंतिम निराकरण में जीरो शॉर्टेज अर्थात शून्य कमी की स्थिति होने के बावजूद प्रति क्विंटल 5 रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि का लाभ नहीं मिलेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य उपार्जन समितियों में बेहतर प्रबंधन, पारदर्शिता एवं किसानों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है  बैठक में अपर कलेक्टर भरतराम ध्रुव, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला खाद्य अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी, विभिन्न शाखाओं एवं उपार्जन समितियों के प्रबंधक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



Related News
thumb

ग्राम पंचायत स्तर पर डिजिटल पहल, विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र की प्रक्र...

जिला प्रशासन बीजापुर की डिजिटल जनसेवा पहल के तहत सेवा सेतु के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न शासकीय सेवाओं को सुलभ बनाने का प्रयास किया जा...


thumb

फ्रूट जूस उद्योग से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बने बीजापुर के युवा उद...

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) योजना जिले के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना...


thumb

मोबाइल ऐप से बुकिंग और टोकन के आधार पर मिलेगा रासायनिक उर्वरक, जिले...

उर्वरक वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिले में फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (एफ एफ एस) प्रणाली के माध्यम से रा...


thumb

मुकुंदपुर में 5.22 करोड़ के वृहद पुल का भूमिपूजन, बरसात में टूटता सं...

मुकुंदपुर से बलसोत्ता को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित वृहद पुल का भूमिपूजन बुधवार को कोड़िया नाला के पास संपन्न हुआ। पीएमजीएसवाई योजना के तहत बनने वाले ...


thumb

धान खरीदी केंद्र और कुआकोंडा पोटाकेबिन का कलेक्टर ने किया निरीक्षण,...

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों और शिक्षा संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर देवेश कु...