लखनऊ(वीएनएस)।उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव की गोरखपुर यात्रा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि समाजवादी पार्टी का राजनीतिक भविष्य अंधकारमय है। उन्होंने कहा कि यात्राएं निकालने के बावजूद पार्टी सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी पर विदेशी मंचों से देश की छवि खराब करने का आरोप भी लगाया।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव की गोरखपुर में प्रस्तावित पीडीए रथ यात्रा को लेकर उनपर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि यादव चाहे कहीं से यात्रा निकाल लें लेकिन उससे सपा की राजनीतिक स्थिति बदलने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सपा का राजनीतिक भविष्य धुंधला है तथा वह राज्य की सत्ता में वापसी नहीं करेगी। उप मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘ समाजवादी पार्टी गोरखपुर, सैफई या लखनऊ में रैली निकाले, उसका भविष्य अंधकारमय है।वह अंधकारमय था, अंधकारमय है और अंधकारमय ही रहेगा।’’ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर दौरे के दौरान करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। सपा सूत्रों ने बताया था कि पार्टी अध्यक्ष बुधवार को रोड शो के तहत पीडीए रथ पर सवार होकर चौरी-चौरा क्षेत्र के देवकाही गांव के लिए रवाना होंगे। मौर्य ने दावा किया कि सपा 2047 तक उत्तर प्रदेश में सत्ता में लौटने का सपना देखती रह सकती है, लेकिन उसे पूरा नहीं कर पाएगी।
उन्होंने कहा,‘‘अखिलेश यादव वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने के मुंगेरीलाल के हसीन सपने जरूर देख सकते हैं, लेकिन धरातल पर उनकी पार्टी सत्ता में नहीं आने वाली है। यह बात अखिलेश यादव भी अच्छी तरह जानते हैं।’’ मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे आरोप अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘राहुल गांधी हों, अखिलेश यादव हों, तेजस्वी यादव हों अथवा ममता बनर्जी, इन नेताओं की गतिविधियां देशहित के अनुरूप नहीं हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि वे भारत विरोधी अंतरराष्ट्रीय शक्तियों के इशारे पर ऐसे बयान दे रहे हैं या कार्य कर रहे हैं, जिनसे देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचे।’’ मौर्य ने कहा कि ‘‘कांग्रेस देश का एक पुराना राजनीतिक दल है, लेकिन उसके युवराज राहुल गांधी लगातार देश के विपरीत कार्य कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी इसकी कठोर भर्त्सना करती है।
देश की जनता जब भी चुनाव का अवसर आएगा, अपने लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए ऐसे नेताओं को इसका जवाब देगी।’’ मौर्य ने मथुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की दो दिवसीय चिंतन बैठक को लेकर अखिलेश यादव की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को भाजपा की चिंता करने के बजाय अपनी पार्टी की वास्तविक स्थिति पर चिंतन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘‘सपा के पास गुंडे, अपराधी और माफिया रहे हैं, लेकिन जनसेवा, राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण का भाव रखने वाले कार्यकर्ताओं की संस्कृति भाजपा की पहचान है।’’ उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने, सरकार के कार्यों की समीक्षा करने और भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के लिए पार्टी में समय-समय पर चिंतन बैठकें आयोजित होती हैं तथा मथुरा में शिविर का आयोजन उसी की कड़ी है।
कोलंबिया विश्वविद्यालय में भारतीय अर्थव्यवस्था पर राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर भाजपा ने उन पर तीखा हमला बोला है। पार्टी नेताओं ने आईएमएफ, मूडी...
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित पैकेजों को 23 से बढ़ाकर 112 करने की तैयारी की है।
केंद्रीय गृह मंत्री 20 नवंबर से ईटानगर के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे, जहां वह पुलिसकर्मियों को पदक प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बताया क...
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में कहा कि सनातन धर्म को बाहरी ताकतों से ज्यादा हिंदू समाज के अंदरू...
शिवसेना ने सोनिया गांधी की किताब पर वीर सावरकर और आरएसएस को लेकर की गई टिप्पणियों के विरोध में प्रतिबंध लगाने की मांग की है। संस्मरण में दावा किया ...