‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का किया जा रहा सघन निरीक्षण

Posted On:- 2026-11-19




गरियाबंद, छुरा और आसपास के क्षेत्रों में होटल-रेस्टोरेंट की जांच, रंग युक्त खाद्य सामग्री कराई गई नष्ट

गरियाबंद (वीएनएस)। आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ के अंतर्गत गरियाबंद जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर  रणबीर शर्मा एवं आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के होटल, रेस्टोरेंट एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है। अभियान के तहत 16 नवंबर 2026 को मेसर्स हैप्पी रेस्टोरेंट एवं ढाबा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक ही रेफ्रिजरेटर में शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थ संग्रहित पाए गए। इस पर मौके पर लगभग 1 किलोग्राम उबले हुए छोले-चना, लगभग 700 ग्राम तली हुई रंगयुक्त मछली तथा लगभग 400-400 ग्राम तली हुई करेला, गोभी और भिंडी की सब्जियों को नष्ट कराया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को नॉनवेज खाद्य पदार्थों एवं बिरयानी में रंग का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए।

17 नवंबर 2026 को गरियाबंद स्थित मेसर्स सेवक होटल, मेसर्स गरियाबंद बिरयानी तथा मेसर्स मधुबन रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए। सभी प्रतिष्ठानों को अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों का नियमित मेडिकल परीक्षण कराने तथा खाद्य सामग्री तैयार करने, परोसने एवं विक्रय के दौरान दस्ताने का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।

छुरा में अत्यधिक रंग वाली बूंदी नष्ट कराई गई -

18 नवंबर 2026 को छुरा में मेसर्स जय भोमिया जी बीकानेर स्वीट्स, मेसर्स आनंद स्वीट्स एवं मेसर्स देवांगन होटल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मेसर्स आनंद स्वीट्स में अत्यधिक रंगयुक्त लगभग 2 किलोग्राम बूंदी के लड्डू पाए गए, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को अपने परिसर एवं रसोईघर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। खाद्य पंजीयन अथवा अनुज्ञप्ति प्रमाणपत्र को प्रतिष्ठान के प्रमुख एवं स्पष्ट दिखाई देने वाले स्थान पर प्रदर्शित करना अनिवार्य बताया गया है। इसके अलावा कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिष्ठानों को उपयोग किए जाने वाले पानी का वर्ष में कम से कम दो बार परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि खाद्य सामग्री तैयार करने में सुरक्षित जल का उपयोग सुनिश्चित हो सके।

15 दिनों तक जारी रहेगा विशेष अभियान -

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों और उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। यह विशेष निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार 15 दिनों तक जारी रहेगा। विभाग ने जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें, परिसर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखें तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की अभिहीत अधिकारी श्रीमती ज्योति भानु ने बताया कि अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाएगी तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



Related News
thumb

शून्य रकबा प्रदर्शित होने वाले किसानों की समस्या का होगा त्वरित निर...

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने निर्देशित किया है कि जिन किसानों का रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है, उन्हें संबंधित समिति में बुलाकर एग्रीस्टेक पोर्टल से ह...


thumb

लेखापाल (संविदा) पदों के लिए पात्र-अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी

विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) योजनांतर्गत जिला पंचायत कांकेर में लेखापाल (संविदा) के 04 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए ...


thumb

अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, फिंगेश्वर में हाइवा जब्त

इसी तरह विकासखंड फिंगेश्वर क्षेत्र में रात के समय रेत के अवैध उत्खनन की शिकायत पर 17 नवंबर 2026 को नगर पंचायत फिंगेश्वर अंतर्गत स्वीकृत रेत खदान गद...


thumb

सरल ऑनलाइन टोकन व्यवस्था और 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खर...

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था ‘टोकन तुहर हाथ’ किसानों के लिए बेहद सरल, सुगम और सुविधाजनक साबित हो रही है। अब घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से टोक...


thumb

गरियाबंद से महासमुंद तक आवागमन होगा आसान, 153.82 करोड़ की लागत से 35...

जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने और आवागमन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। राजिम -फिंगेश्वर -महासमुंद मुख्य जिला मार्...