चक्रवात ‘अकवान’ का असर: रायपुर में सुबह से बारिश, 11 जिलों में यलो अलर्ट

Posted On:- 2026-11-20




गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

रायपुर (वीएनएस)। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इसे देखते हुए प्रदेश के 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इन 11 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। 20 और 21 नवंबर को प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।

रायपुर में बादल, तापमान 28 और 18 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान
राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से मौसम बदला हुआ है। आसमान में बादल छाए हैं और हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

दुर्ग सबसे गर्म, अंबिकापुर में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान गुरुवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड का असर बना हुआ है, लेकिन चक्रवात के प्रभाव से अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना है।

पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ा तूफान, गोपालपुर के पास तट पार
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर की सुबह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के पास सक्रिय था। सुबह 5:30 बजे इसका केंद्र 18.3 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.8 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। उस समय यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से लगभग 70 किलोमीटर पूर्व, ओडिशा के गोपालपुर से 110 किलोमीटर दक्षिण, विशाखापत्तनम से 170 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व और पुरी से करीब 200 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। पिछले छह घंटों के दौरान यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में करीब 23 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ा था। 

इसके बाद तूफान ने 20 नवंबर की सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच ओडिशा के गोपालपुर के पास दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तट को पार किया। तट पार करते समय इसकी हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जबकि झोंकों में यह 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी। सुबह 8:30 बजे इसका केंद्र दक्षिणी तटीय ओडिशा और उससे लगे उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर, लगभग 19.2 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.8 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। 

तट पार करने के बाद तूफान के उत्तर-उत्तर-पूर्व दिशा में ओडिशा के ऊपर आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने का अनुमान है। IMD के बुलेटिन के मुताबिक, इसके अगले तीन घंटों में गहरे अवदाब और उसके बाद अगले छह घंटों में अवदाब में कमजोर होने की संभावना जताई गई थी। हालांकि, इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।



Related News
thumb

चक्रवात से प्रभावित किसानों को सहायता उपलब्ध कराएगी सरकार : मुख्यमं...

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अकवान चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान को लेकर किसानों को आश्वस्त किया है कि राज्य सरकार हर प्रभावित किसान के साथ ...


thumb

सीएम साय ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर...

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उ...


thumb

पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ को 5 राष्ट्रीय पुरस्कार, फास्टेस्ट...

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स...


thumb

शिक्षक भर्ती परीक्षा पर हाईकोर्ट ने हटाई रोक, 2 हजार पदों पर नियुक्...

छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर बना असमंजस खत्म हो गया है। बिलासपुर हाईकोर्ट ने भर्ती प्रक्रिया पर लगी रोक हटा दी है


thumb

IAS अधिकारियों का प्रमोशन: सुबोध सिंह और निहारिका बारिक बने अपर मुख...

राज्य सरकार ने राज्य के चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को पदोन्नति दी है।