भाजपा के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुटे का निधन

Posted On:- 2026-11-22




मुंबई (वीएनएस)। महाराष्ट्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुटे का रविवार को निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। उन्होंने दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। उन्हें दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार रात करीब 11:45 बजे उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

उपराष्ट्रपति और महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष ने जताया दुख
उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने वडकुटे के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान और लोगों की सेवा को याद किया। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी शोक जताते हुए महाराष्ट्र और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।

धनगर समाज के आरक्षण की मांग को लेकर रहे सक्रिय
रामराव वडकुटे महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र से आते थे और धनगर समाज के प्रमुख नेताओं में उनकी पहचान थी। वह धनगर समाज को अनुसूचित जनजाति (ST) के तहत आरक्षण दिलाने की मांग को लगातार उठाते रहे। विधान परिषद सदस्य रहते हुए भी उन्होंने इस मुद्दे को राज्य सरकार के सामने रखा था। राज्यसभा पहुंचने के बाद भी उन्होंने समाज से जुड़े सवालों पर अपनी सक्रियता जारी रखी।

सामाजिक कार्यों से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
वडकुटे ने वर्ष 1988 में सामाजिक जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने परभणी के धनगर समाज उन्नति मंडल के अध्यक्ष के रूप में काम किया। इसके बाद सामाजिक गतिविधियों के साथ राजनीति में भी सक्रिय हुए और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) से जुड़े।

एनसीपी में रहते हुए उन्होंने 2002 से 2005 तक पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी बकरी एवं भेड़ विकास महामंडल के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। 2004 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने हिंगोली जिले की कलमनुरी सीट से एनसीपी के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं सके। बाद में वह सहकारी क्षेत्र में भी सक्रिय रहे और महानंदा के निदेशक पद की जिम्मेदारी संभाली।

वर्ष 2014 में एनसीपी ने उन्हें महाराष्ट्र विधान परिषद का सदस्य बनाया। उनका विधान परिषद का कार्यकाल जून 2014 से अक्टूबर 2019 तक रहा।

2019 में भाजपा में हुए शामिल, 2026 में पहुंचे राज्यसभा
14 अक्टूबर 2019 को वडकुटे ने एनसीपी और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया। इसके बाद पार्टी ने उन्हें हिंगोली जिले में संगठन की जिम्मेदारी सौंपी। मार्च 2026 में भाजपा ने उन्हें महाराष्ट्र से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया। अप्रैल 2026 में वह राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हुए और इसी महीने उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली।

वडकुटे के निधन से महाराष्ट्र के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने संवेदना व्यक्त की है।



Related News
thumb

आधुनिक होना और अपनी जड़ों से जुड़े रहना, दोनों एक साथ संभव : राजनाथ...

यह भारत के युवाओं और वैज्ञानिकों के कारण ही संभव हुआ है कि भारत स्पेस में सैटेलाइट डॉकिंग और अनडॉकिंग की क्षमता रखने वाला दुनिया का चौथा देश बन गय...


thumb

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह आज से दो दिवसीय भारत दौरे पर

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 22 और 23 नवंबर को...


thumb

कोटा में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत, 6 घायल

राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे भीषण सड़क हादसे में बच्चों समेत एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई


thumb

डॉ. मोहन भागवत ने शांतिकुंज अधिष्ठात्री शैलदीदी से की भेंट

शांतिकुंज प्रवास के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शांतिकुंज पहुंचे और शांतिकुंज अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी से आत्मीय...


thumb

प्रधानमंत्री मोदी ने किया नीतीश सेतु का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में पहुंचकर गंगा नदी पर करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कच्ची दरगाह-बिदुपुर छ...