सहकारिता से रोजगार और स्वरोजगार के खुलेंगे नए द्वार, युवाओं को मिला उद्यमिता का मंत्र

Posted On:- 2026-11-28




बीसीएस पीजी कॉलेज में सहकारी क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों पर कार्यशाला आयोजित, विशेषज्ञों ने बताईं योजनाएं और संभावनाएं

धमतरी (वीएनएस)।  युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने तथा सहकारिता के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी में ’’सहकारी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर’’ विषय पर प्रशिक्षण सह कार्यशाला बीते दिनों आयोजित की गई। कार्यालय जिला सहकारी संघ मर्यादित धमतरी एवं महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नवीन भवन के सेमिनार हॉल में आयोजित इस कार्यशाला में विशेषज्ञों ने सहकारिता आधारित व्यवसाय, उद्यमिता और विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए महापौर  रामू रोहरा ने कहा कि सहकारी समितियों और संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जाने चाहिए। उन्होंने गुजरात जैसे राज्यों में सहकारी संस्थाओं की सफलता का उदाहरण देते हुए युवाओं से इस दिशा में आगे आने का आह्वान किया।

कार्यशाला में  राजेश साहू ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। बैंकिंग क्षेत्र में प्रबंधक एवं लिपिक जैसे पदों के साथ ही दुग्ध उत्पादन, वनोपज, बागवानी, पशुपालन और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी संभावनाएं हैं। सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से खाद, बीज और कृषि आधारित गतिविधियों को सामूहिक रूप से संचालित कर रोजगार का सृजन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महुआ बीज, इमली, शहद और वन संपदा आधारित उत्पादों के प्रसंस्करण एवं विपणन से भी अच्छी आय अर्जित की जा सकती है। डिजिटल भुगतान जैसे क्षेत्रों में युवा अपनी रुचि और दक्षता के अनुसार काम कर सकते हैं।

वक्ता सुरेश पटेल ने सहकारिता के इतिहास और उसकी कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सहकारी समितियां अब बहुउद्देशीय गतिविधियों की ओर बढ़ रही हैं। इनके माध्यम से माइक्रो एटीएम, बीमा, औषधि, पेट्रोल पंप, बीज भंडारण और गोदाम जैसी गतिविधियां संचालित की जा सकती हैं। उन्होंने सहकारी संस्थाओं की त्रिस्तरीय व्यवस्था की जानकारी भी दी।

पुरुषोत्तम सोनी ने कहा कि सहकारिता रोजगार और स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम है। युवा अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सहकारी संस्थाओं से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इसके लिए संभाग स्तर पर उपलब्ध कार्यालयों के माध्यम से समिति का पंजीयन कराया जा सकता है।

पूर्व प्राचार्य डॉ. अनंत दीक्षित ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययन के बाद युवाओं में स्वरोजगार के प्रति रुचि और कार्यक्षमता विकसित करना जरूरी है। वहीं डॉ. विनोद कुमार पाठक ने सहकारी समितियों के माध्यम से रोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए नंदनी सहकार योजना, वित्तीय सहायता योजना, सृजन शक्ति योजना, युवा सहकार योजना और रियायती दरों पर ऋण सहित एनसीडीसी की योजनाओं के बारे में बताया।

’सहकारिता में छिपी है सामूहिक आर्थिक उन्नति की ताकत’

कार्यक्रम में सौरभ शर्मा ने सहकारिता का मूल भाव मिलकर आगे बढ़ना और व्यक्तिगत हित से ऊपर उठकर सामूहिक उन्नति के लिए काम करना है। सहकारिता समाज और परिवार की आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा करने का सशक्त माध्यम बन सकती है। युवाओं को केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहकर समूह और समितियां बनाकर उद्यम शुरू करने की पहल करनी चाहिए।

उन्होंने महिलाओं की सामूहिक उद्यमिता का उदाहरण देते हुए बताया कि कोथाकोण्डा में 167 महिलाएं पिछले दस वर्षों से समूह के माध्यम से कार्य कर रही हैं। उनकी वार्षिक आय एक करोड़ 85 लाख रुपये से अधिक हो चुकी है। समूह की महिलाएं स्वयं समिति का संचालन करती हैं और आपसी सहयोग से ऋण लेन-देन भी करती हैं। उन्होंने कहा कि डेयरी और अन्य ग्रामीण व्यवसायों में महिलाओं की भागीदारी सहकारिता की ताकत को दर्शाती है।

कार्यक्रम के अंत में मंचासीन अतिथियों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं तथा जनभागीदारी समिति के सदस्य उपस्थित रहे। संचालन अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. तामेश्वरी साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन विभागाध्यक्ष डॉ. वेदवती देवांगन ने किया।




Related News
thumb

ग्राम पंचायतों में रोजगार सृजन को मिलेगी गति, 01 दिसंबर से शुरू हों...

बैठक के दौरान सीईओ चंद्रवंशी ने सभी ग्राम पंचायतों में मांग के अनुरूप कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोज...


thumb

कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं करने पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, ...

खाद्य विभाग की टीम द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन के दौरान गुरुर विकासखंड स्थित सद्गुरु, कंचन एवं गोलछा राइस मिलों में उपलब्ध स्टॉक की जांच की गई। जां...


thumb

शासकीय योजनाओं के कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में लक्ष...

बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों पर एजेंडावार विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित अधिकारिय...



thumb

स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में 52 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति का अवसर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य स्तर से कांकेर जिले के लिए कम्प्यूटर आधारित परीक्षा में चयनित 75 अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त हुई थी। इन अभ्यर्थियो...


thumb

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती रीना लारिया ने पॉक्सो एक्ट, 2012 के विभिन्न प्रावधानों, बच्चों के कानूनी अधिकारों तथा लैंग...